Tuesday, June 9, 2026
Home राष्ट्रीयक्रिकेट Asian Champions Trophy Hockey में भारत की लगातार चौथी जीत, कोरिया को हराया

Asian Champions Trophy Hockey में भारत की लगातार चौथी जीत, कोरिया को हराया

by Khel Dhaba
0 comment

हुलुनबुइर (चीन), 12 सितंबर। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से गत चैम्पियन भारत ने बृहस्पतिवार को कोरिया को 3-1 से हराकर हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में लगातार चौथी जीत दर्ज की।

पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने चीन को 3-0 से, जापान को 5-0 और मलेशिया को 8-1 से हराया था।

सेमीफाइनल में जगह बना चुकी भारतीय टीम अब शनिवार को आखिरी लीग मैच में पाकिस्तान से खेलेगी।

छह टीमों के टूर्नामेंट में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी जो सोमवार को खेला जायेगा जबकि फाइनल मंगलवार को होगा।

भारत ने शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए पहले ही क्वार्टर में दो गोल की बढत बना ली। मलेशिया के खिलाफ दो गोल करने वाले अराइजीत सिंह हुंडल ने आठवें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद विश्व के सर्वश्रेष्ठ ड्रैग फ्लिकरों में शुमार हरमनप्रीत ने नौवें और 43वें मिनट में दो पेनाल्टी कॉर्नर तब्दील किये।

कोरिया के लिये एकमात्र गोल 30वें मिनट में जिहुन यांग ने पेनाल्टी कॉर्नर पर दागा। भारत ने एक बार फिर आक्रामक शुरुआत की और सुखजीत सिंह के पास पर अराइजीत ने पहला गोल दागा। इसके एक मिनट बाद ही मलेशिया के खिलाफ हैट्रिक लगाने वाले राजकुमार पाल ने भारत को पेनल्टी कॉर्नर दिलाया जिस पर हरमनप्रीत ने गोल किया।

भारत के रिजर्व गोलकीपर सूरज करकेरा ने प्रभावी प्रदर्शन किया और दूसरे क्वार्टर में कोरिया को गोल नहीं करने दिया। दूसरे क्वार्टर में कोरिया ने भारतीय गोल पर कई हमले बोले और आखिरी मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर यांग ने गोल दाग दिया।

कोरिया को 35वें मिनट में लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय डिफेंस मुस्तैद था। भारत को दो मिनट बाद दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन गोल नहीं हो सका।

हरमनप्रीत ने 43वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की बढ़त 3-1 की कर दी। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में जरमनप्रीत सिंह ने एक पेनल्टी कॉर्नर गंवाया लेकिन कोरियाई टीम उस पर गोल नहीं कर सकी।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.