रांची के खेलगांव स्थित शहीद गणपत राय इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को अंडर-17 सब जूनियर बालक/बालिका राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता और फेडरेशन कप सीनियर पुरुष/महिला राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खेल राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में है। हम झारखंड में खेलों के माहौल को और बेहतर करना चाह रहे हैं ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और दिखाने का मौका मिले।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देशभर से आए पहलवानों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आपको इस प्रतियोगिता में अपना हुनर और दमखम दिखाने का पूरा मौका मिलेगा। आने वाला समय आपका है। मुझे पूरा विश्वास है कि आपके प्रदर्शन से देश का नाम पूरी दुनिया में गौरव से लिया जाएगा।
इस टूर्नामेंट में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह, भारतीय कुश्ती संघ के सह सचिव संजय कुमार सिंह, लखनऊ कुश्ती संघ के अध्यक्ष विनय कुमार शाही और अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष दिसंबर में आयोजित अंडर -15 राष्ट्रीय बालक/बालिका कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले झारखंड के पहलवानों को अंग वस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव अमिताभ कौशल, खेल निदेशक जीशान कमर और झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह प्रमुख रूप से मौजूद थे।