धनबाद/रांची। धनबाद सीनियर महिला क्रिकेट टीम के गठन के लिए तीन जनवरी को ओपन ट्रायल का आयोजन किया गया है। धनबाद क्रिकेट संघ के महासचिव विनय कुमार सिंह ने इच्छुक महिला खिलाड़ियों से जियलगोरा स्टेडियम में सुबह नौ बजे बी एच खान संयुक्त सचिव और कार्यालय सहायक महेश गोराई से संपर्क करने का निर्देश दिया है। महासचिव ने बताया कि टीम छह जनवरी से रांची में आयोजित जेएससीए सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेगी।
रांची जिला महिला टीम का चयन ट्रायल तीन को
रांची : जेएससीए सत्र 2019 – 20 अंतर जिला महिला सीनियर एवं अंडर – 19 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए रांची जिला महिला टीम के गठन हेतु चयन प्रतियोगिता में सभी महिला खिलाड़ियों को तीन जनवरी दिन शुक्रवार को जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिक्रेट स्टेडियम के इंडोर फेकल्टी में सौमित्र पटनायक को प्रात: 10 बजे रिपोर्ट करेंगी । यह जानकारी रांची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेन्द्र कुमार ने दी।
छह टीमें लेंगी हिस्सा
जेएससीए अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में छह टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप ए में जमशेदपुर, बोकारो और सिमडेगा तथा ग्रुप बी में पश्चिम सिंहभूम, धनबाद और रांची की टीमें हैं। ग्रुप ए के सभी मैच जेएससीए स्टेडियम के ओवल ग्राउंड में खेले जाएंगे जबकि ग्रुप बी के सभी मैच मेकॉन स्टेडियम में होंगे।
ग्रुप ए में छह जनवरी को जमशेदपुर और सिमडेगा, सात जनवरी को बोकारो और सिमडेगा तथा आठ जनवरी को जमशेदपुर और बोकारो का मुकाबला होगा। वहीं ग्रुप बी में छह जनवरी को रांची और पश्चिम सिंहभूम, सात जनवरी को रांची और धनबाद तथा आठ जनवरी को धनबाद और पश्चिम सिंहभूम के बीच मैच खेला जाएगा। दस जनवरी को सेमीफाइनल और 11 जनवरी को फाइनल खेला जाएगा।
अब आपके मोबाइल पर एंड्रॉयड फोन ऐप के रुप में खेलढाबा.कॉम आपके और करीब आ गया है तो जल्द डाउनलोड करें और पायें अपडेट खबरें। https://play.google.com/store/apps/details?id=com.kheldhaba.android