भागलपुर, 12 फरवरी। यूथ कार्नर क्लब ने भागलपुर जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित भागलपुर जिला ए डिवीजन क्रिकेट लीग के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पहले सेमीफाइनल में यूथ कॉर्नर क्रिकेट क्लब ने यूनाइटेड क्रिकेट क्लब को 7 विकेट से हराया।
यूनाइटेड क्लब ने बनाए 222 रन
स्थानीय सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूनाइटेड क्रिकेट क्लब ने 35 ओवर में 9 विकेट पर 222 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। मयंक चौधरी ने 85 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आर्यन कुमार सिंह ने 48 रन का योगदान दिया। अभिषेक कुमार और अर्नव अरव ने 28-28 रन बनाए।

यूथ कॉर्नर की ओर से शुभम कुमार ने 2 विकेट झटके, जबकि संजय कुमार, अंकुश गुप्ता और सचिन रॉय को 1-1 सफलता मिली।
रक्षितेंद्र, विकास और कुणाल ने दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूथ कॉर्नर की शुरुआत संतुलित रही। रक्षितेंद्र रुद्र ने 53 गेंदों पर 51 रन बनाकर टीम को मजबूत आधार दिया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान बासुकीनाथ ने 35 रन जोड़े। इसके बाद विकास यादव ने नाबाद 64 रन और कुणाल राज ने नाबाद 49 रन की मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम को 33.2 ओवर में 227/3 तक पहुंचाकर जीत दिला दी।

यूनाइटेड की गेंदबाजी रही कमजोर
यूनाइटेड क्लब की ओर से विवेक कुमार ने 1 विकेट हासिल किया, लेकिन अन्य गेंदबाज निर्णायक सफलता नहीं दिला सके।
दूसरा सेमीफाइनल आज
13 फरवरी को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में भागलपुर क्रिकेट क्लब का मुकाबला टीएनबी क्रिकेट क्लब से होगा।
इन्हें भी पढ़ें
कैमूर जिला क्रिकेट लीग में राजू प्लेयर ऑफ द मैच
पूर्वी चंपारण जिला क्रिकेट लीग मेन राजा बाजार सीसी विजयी
मधुबनी जिला क्रिकेट लीग के सुपर लीग के मुकाबले 14 फरवरी से
पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में एलायंस सीसी की बड़ी जीत
पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में पार्थ पर भारी पड़े अयान