पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित एसआर रुंगटा बी डिवीजन लीग में शुक्रवार यानी 15 नवंबर को खेले गए मैच में अमर्त्य चौधरी (144 रन) की धुआंधार शतकीय पारी की बदौलत चाईबासा क्रिकेट क्लब ने टाउन क्लब चाईबासा को 26 रनों से हराया। इस तरह पूरे चार अंक हासिल कर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। वहीं, टाउन क्लब चाईबासा लगातार दो मैच हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गयी है।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान टॉस चाईबासा क्रिकेट क्लब ने जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में आठ विकेट खोकर 197 रन बनाये। कप्तान अमर्त्य चौधरी ने 13 चौके व 11 छक्कों की मदद से 144 रन बनाये। टाउन क्लब के शुभम यादव ने 34 रन देकर चार विकेट व कृपा सिंधु चंदन ने 37 रन देकर दो विकेट हासिल किये। टाउन क्लब 30 ओवर में 171 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी। शुभम यादव व प्रभात बीयपाई ने 28-28 रन बनाये। सिद्धार्थं अग्रवाल ने 22, कृपा सिंधु चंदन ने 18, प्रणय कुमार ने 17 व राहुल लकड़ा ने 12 रनों का योगदान दिया।
चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से पीयूष त्यागी ने 31 रन देकर चार विकेट व रोहित बरजो ने 22 रन देकर तीन विकेट लिये। रितिक सेठ व अमर्त्य चौधरी को एक-एक विकेट मिला।