वैशाली, 4 फरवरी। वैशाली जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में विदुपुर क्रिकेट क्लब और पातेपुर क्रिकेट क्लब ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर प्रतियोगिता में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
विदुपुर क्रिकेट क्लब की 9 विकेट से एकतरफा जीत
बिहार क्रिकेट एकेडमी, बिदुपुर में खेले गए मुकाबले में विदुपुर क्रिकेट क्लब ने प्रियदर्शी फाउंडेशन को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रियदर्शी फाउंडेशन की टीम 19.2 ओवर में 93 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
प्रियदर्शी फाउंडेशन की ओर से शिवम कुमार ने 35 गेंदों पर 32 रन, जबकि रोहित कुमार ने 20 रन का योगदान दिया।
विदुपुर क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में हृतिक कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनका अच्छा साथ देते हुए रौनक राज ने 2.2 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट, विजय ने 2 विकेट और रिषु राज ने 1 विकेट लेकर विपक्षी टीम को कम स्कोर पर समेट दिया।
लक्ष्य का पीछा, 7.3 ओवर में जीत
94 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदुपुर क्रिकेट क्लब की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 7.3 ओवर में 1 विकेट खोकर 97 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। रिषु राज ने नाबाद 25 रन, जबकि प्रगति कृष्णा ने नाबाद 37 रन की शानदार पारी खेली। अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हृतिक कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पातेपुर क्रिकेट क्लब की वैशाली इलेवन पर 61 रन से जीत
राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग के एक अन्य मुकाबले में पातेपुर क्रिकेट क्लब ने वैशाली इलेवन को 61 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। यह मैच क्रिकेट अकादमी ऑफ राजा 11 के मैदान में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पातेपुर क्रिकेट क्लब ने 30 ओवर में 9 विकेट पर 176 रन बनाए।
टीम की ओर से अंकित मौर्या ने 53 गेंदों पर 45 रन, अभिषेक कुमार ने 28 रन, गोलू ने 18 रन और आयुष कुमार ने 16 रन बनाकर स्कोर को मजबूती दी।

पातेपुर की घातक गेंदबाजी
177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वैशाली इलेवन की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और 19 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हो गई। प्रशांत कुमार ने 38 गेंदों पर 46 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके।
पातेपुर क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में अभिजीत कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 35 रन देकर 5 विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच चुने गए।
इसके अलावा सचिन कुमार ने 2 विकेट, राजेश कुमार ने 2 विकेट और अभिषेक राज ने 1 विकेट लिया।
प्रतियोगिता में पातेपुर की स्थिति मजबूत
इस जीत के साथ पातेपुर क्रिकेट क्लब ने राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।