धनबाद, 23 अगस्त। क्रेडो वर्ल्ड स्कूल, धनबाद में शनिवार को दो दिवसीय तिसरी झारखंड स्टेट गतका चैम्पियनशिप का भव्य उद्घाटन हुआ। आयोजन समिति के सचिव रोहित प्रसाद ने जानकारी दी कि झारखंड के सुदूर गांवों से भी बड़ी संख्या में लड़के-लड़कियां राज्य प्रतियोगिता में भाग लेने धनबाद पहुँचे हैं।
उद्घाटन समारोह
समारोह के मुख्य अतिथि सरदार रविजित सिंह डांग (संचालक, धनबाद नर्सिंग होम) थे। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी अजय अग्रवाल, सोमनाथ पूर्ती, गतका एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष केशव कुमार हारोदिया, सचिव विद्या, आयोजन अध्यक्ष बसंत हेलीवाल और झारखंड कोऑर्डिनेटर पप्पू सिंह शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
खिलाड़ियों का प्रदर्शन
उद्घाटन के बाद छोटे बच्चों ने तलवार, लाठी और सोटी का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, धनबाद और बोकारो के राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने गतका खेल का भव्य डेमो पेश किया।
प्रतियोगिता में भागीदारी
चैंपियनशिप में झारखंड के 20 जिलों से करीब 475 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनके साथ 45 कोच/मैनेजर और 35 निर्णायक भी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं। पहले दिन अंडर-11 से अंडर-19 आयु वर्ग के लड़के-लड़कियों के सिंगल सोटी और फरी सोटी वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। फाइनल मैच रविवार 24 अगस्त को आयोजित होंगे।