पटना, 17 जनवरी। बिहार राज्य कबड्डी संघ के तत्वावधान में शेखपुरा जिला कबड्डी संघ द्वारा शेखपुरा के अमर ज्योगित पब्लिक स्कूल में शनिवार से शुरू 51वीं बिहार राज्य सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता में बेगूसराय और पटना की शुरुआत जीत के साथ हुई।
प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह, शेखपुरा जिला खेल पदाधिकारी सुमन कुमार तथा दरभंगा जिला खेल पदाधिकारी परिमल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। समारोह की अध्यक्षता सियाराम सिंह ने की, जबकि आयोजन अध्यक्ष राकेश कुमार ने अतिथियों व खिलाड़ियों का स्वागत किया।
अपने उद्घाटन उद्बोधन में चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने कहा कि कबड्डी बिहार की पारंपरिक और गौरवशाली खेल विधा है, जिसने राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता से प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
कुमार विजय सिंह ने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना और समर्पण के साथ खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हार–जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर दिया गया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ही खिलाड़ी की असली पहचान बनता है। साथ ही उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि इस प्रतियोगिता से भविष्य की कई उत्कृष्ट महिला कबड्डी खिलाड़ी सामने आएंगी।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में पटना ने गया को 30-17 अंकों से पराजित किया। सारण ने सहरसा को 39–31 से हराया। बेगूसराय ने सीतामढ़ी को 30–10 से मात दी। कटिहार ने भोजपुर को 37–11 से पराजित किया। पटना ने अपने दूसरे मैच में सहरसा को 30–12 से हराया। गया ने सारण को 26–20 से पराजित किया। सीतामढ़ी ने भोजपुर को 25–19 से हराया। वहीं बेगूसराय ने कटिहार को 23–3 के अंतर से जीत दर्ज की।