पटना, 10 जून। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के तत्वावधान में खेले जा रहे बीसीए वीमेंस अंडर-15 वनडे ट्रॉफी में 10 जून यानी सोमवार को खेले गए मुकाबले में टीम डी ने टीम बी को 8 विकेट से पराजित किया।
राजधानी पटना के राजेंद्रनगर स्थित शाखा मैदान पर खेले गए मुकाबले में टॉस टीम बी ने जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत कृतिका कनक और अन्नू सिंह कुशवाहा ने किया। बिना खाता खोले पवेलियन लौट गई। इसके बाद अन्नू गुप्ता और मध्य क्रम के बैटरों ने संभाला और टीम का स्कोर निर्धारित 35 ओवर में 8 विकट पर 188 रन पहुंचा। अन्नु गुप्ता ने 89 गेंद में 14 चौका व 1 छक्का की मदद से 74 रन की पारी खेली। दीपा कुमारी ने 16, अन्नु कुमारी ने 18, अंजलि कुमारी ने 21, मिताली राज ने 10 रन बनाये। अतिरिक्त से 42 रन बने।
टीम डी की ओर से साक्षी कुमारी, चैताली संजीत और जस्मित प्रकाश ने 1-1 विकेट चटकाये जबकि रिया कुमारी और खुशी कुमारी को 2-2 विकेट मिले।
इसे भी पढ़ें : BCA Girl’s U-15 One Day Trophy में प्रतिभा व अक्षरा का हरफनमौला प्रदर्शन
जवाब में टीम डी की शुरुआत काफी बेहतर रही। सलामी बैटर स्नेहा प्रकाश और अन्वेषा सिंह ने 79 रन की साझेदारी की। पहला विकेट स्नेहा प्रकाश का गिरा। स्नेहा प्रकाश 44 गेंद में 5 चौका की मदद से 29 रन बनाये। इसके बाद वर्षा उपाध्याय ने अन्वेषा का साथ दिया। अन्वेषा सिंह अपने अर्धशतक से 5 रन दूर थी तो अनुष्का सिंह ने उन्हें पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। अन्वेषा सिंह 55 गेंद में 5 चौका व 2 छक्का की मदद से 45 रन बनाये।
अन्वेषा के आउट होने के बाद अर्चना ने वर्षा का साथ दिया और दोनों नाबाद रहते हुए टीम डी को 8 विकेट से जीत दिला दी। वर्षा उपाध्याय ने 46 गेंद में 8 चौका व 2 छक्का की मदद से नाबाद 53 और अर्चना कुमारी ने 18 गेंद में 4 चौका व 1 छक्का की मदद से नाबाद 27 रन की पारी खेली।
संक्षिप्त स्कोर
टीम बी : 35 ओवर में 8 विकेट पर 188 रन, अन्नु गुप्ता 74, दीपा कुमारी 16, अनु कुमारी 18, अंजलि कुमारी 21, मिताली राज 10, अतिरिक्त 42,साक्षी कुमारी 1/14, रिया कुमारी 2/30, खुशी कुमारी 2/67, चैताली संजीत 1/22, जस्मित प्रकाश 1/26
टीम डी : 25.5 ओवर में दो विकेट पर 193 रन, स्नेहा प्रकाश 29, अन्वेषा सिंह 45, वर्षा उपाध्याय नाबाद 53, अर्चना कुमारी नाबाद 27, अतिरिक्त 39, अनुष्का सिंह 1/40, कृतिका कनक 1/32


