पटना, 8 फरवरी। बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी (प्लेट ग्रुप) के मुकाबले में बिहार ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए नागालैंड महिला क्रिकेट टीम को 185 रन से पराजित किया।
प्रगति सिंह का शतक, बिहार ने बनाए 290 रन
रेलवे स्टेडियम, भुवनेश्वर में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बिहार ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 290 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की कप्तान प्रगति सिंह ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 106 गेंदों पर 110 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा वैदेही यादव ने 41 रन, यशिता सिंह ने 29 रन और हर्षिता ने 13 गेंदों पर तेज़ 25 रन बनाए। अंतिम ओवरों में पी. प्रिया ने नाबाद 24 रन जोड़कर स्कोर को मजबूती दी।

नागालैंड 105 रन पर सिमटी
291 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नगालैंड महिला टीम 34.5 ओवर में 105 रन पर ऑलआउट हो गई। नागालैंड की ओर से ए. के. वाटाडे ने 50 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ बिहार की सधी हुई गेंदबाज़ी के सामने टिक नहीं सके।
अपूर्वा कुमारी की घातक गेंदबाज़ी
बिहार की गेंदबाज़ी इस मैच में बेहद प्रभावी रही। अपूर्वा कुमारी ने 10 ओवर में 4 मेडन रखते हुए सिर्फ 14 रन देकर 4 विकेट झटके और नागालैंड की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी।
इसके अलावा वैदेही यादव ने 8 ओवर में 3 मेडन 26 रन देकर 3 विकेट लिए। रचना सिंह और जूली कुमारी को 1-1 विकेट मिला। सभी गेंदबाज़ों ने अनुशासन बनाए रखते हुए रन गति पर नियंत्रण रखा।

प्लेट ग्रुप में बिहार की दूसरी जीत
इस बड़ी जीत के साथ बिहार महिला टीम ने सीनियर विमेंस वनडे ट्रॉफी प्लेट ग्रुप में अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली है। टीम का यह प्रदर्शन सामूहिक प्रयास, अनुशासन और परिस्थितियों के अनुसार खेल का बेहतरीन उदाहरण रहा, जो आने वाले मुकाबलों के लिए सकारात्मक संकेत देता है।