रांची, 29 जनवरी। साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन (South Asian Football Federation) के तत्वावधान में 31 जनवरी से 7 फरवरी 2026 तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाली सैफ अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए 23 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में झारखंड राज्य की 06 बालिकाओं को शामिल किया गया है, जो भारत देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
चार देशों की टीमें ले रहीं हिस्सा
इस अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में भारत के अलावा नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर दक्षिण एशियाई देशों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
31 जनवरी को भारत-नेपाल मुकाबला
भारतीय अंडर-19 महिला फुटबॉल टीम अपना पहला मैच 31 जनवरी 2026 को मेजबान नेपाल के खिलाफ खेलेगी। इस मुकाबले को टूर्नामेंट का अहम मैच माना जा रहा है।
झारखंड से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी
झारखंड सरकार के खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इनडोर स्टेडियम गुमला की चार खिलाड़ी एलिजाबेथ लकड़ा, अनीता डुंगडुंग, सूरज मुनि कुमारी और विनीता होरो का चयन भारतीय टीम में हुआ है। वहीं आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग से अनुष्का कुमारी तथा स्टार वॉरियर्स रांची से दिव्यानी लिंडा को भी टीम में शामिल किया गया है। सभी चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता के लिए नेपाल रवाना हो चुकी हैं।

खेल जगत से बधाइयों का तांता
इस उपलब्धि पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, झारखंड फुटबॉल संघ के महासचिव गुलाब रब्बानी सहित खेल पदाधिकारियों, कोचों और राज्य के खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
महिला फुटबॉल के लिए बड़ी उपलब्धि
झारखंड की छह बालिकाओं का एक साथ भारतीय टीम में चयन होना राज्य में महिला फुटबॉल के बढ़ते स्तर, बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और उभरती प्रतिभाओं का मजबूत प्रमाण माना जा रहा है।