पटना। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के बेहद करीबी वकील चितरंजन सिन्हा का निधन हो गया है। चारा घोटाला मामले सहित अन्य मुकदमों में लालू यादव के वकील रहे चितरंजन सिन्हा का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बेंगलुरू के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। स्व. चितरंजन सिन्हा के निधन से न केवल न्यायिक जगत बल्कि पटना क्रिकेट जगत भी शोकाकुल है।
स्व. चितरंजन सिन्हा अच्छे क्रिकेटर भी थे। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम, पटना जिला टीम का प्रतिनिधित्व किया। अपने जमाने में स्टार बल्लेबाज के रूप जाने जाने वाले स्व. चितरंजन सिन्हा में पटना क्रिकेट लीग में वाईएमसीसी, एमसीसी, पटना सायंस कॉलेज की ओर से खेला था। उनके निधन पर अंतरराष्ट्रीय कोच अधिकारी एमएम प्रसाद, बिहार क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव अजय नारायण शर्मा, वाईएमसीसी क्लब के अध्यक्ष रहबर आबदीन, सुनील रोहित, अरुण कुमार सिंह, शैलेश कुमार, संतोष कुमार समेत कई क्रिकेटरों व खेल जगत के लोगों ने शोक प्रकट किया है।
बिहार सरकार के प्रधान अपर महाधिवक्ता चितरंजन सिन्हा पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकीलों में गिने जाते थे। कानूनी जानकार के तौर पर उनकी बड़ी प्रतिष्ठा थी और चारा घोटाले के कई मामलों में लालू के वकील होने के कारण वह चर्चित रहे। चितरंजन सिन्हा ने पटना के अलावा रांची और दिल्ली तक लालू यादव के मुकदमों को देखा। बिहार में जदयू, कांग्रेस व आरजेडी गठबंधन की सरकार के दौरान उनको प्रधान अपर महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था और अभी भी उस पद पर वह बने हुए थे।
उनके निधन की खबर से पूरे न्यायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। महाधिवक्ता ललित किशोर, वरीय अधिवक्ता पीके शाही, कृष्णा प्रसाद सिंह, योगेश चंद्र वर्मा, यदुवंश गिरी, श्याम किशोर शर्मा, प्रभाकर टेकरीवाल, देवेंद्र प्रसाद सिन्हा समेत अन्य वकीलों ने चितरंजन सिन्हा के निधन पर श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए शोक जताया है।