वेलिंग्टन, 10 मई। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज कॉलिन मुनरो Colin Munro ने टी-20 विश्वकप में जगह नहीं मिल पाने के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।
Colin Munro पिछले चार साल से सिर्फ फ्रैंचाइजी क्रिकेट खेल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह आगे भी फ्रैंचाइजी क्रिकेट खेलते रहेंगे। Colin Munro ने स्वयं को विश्वकप के लिए उपलब्ध बताया था। न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने पिछले दिनों टीम की घोषणा करते हुए कहा था कि मनरो के नाम की चर्चा तो हुई थी, लेकिन उनके लिए जगह नहीं बन पाई। उन्होंने 2020 के बाद कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।
Colin Munro ने कहा, “न्यूजीलैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना मेरे कैरियर की सबसे बड़ी उपलब्धि रही है और मुझे हमेशा इस पर गर्व रहेगा। मुझे उम्मीद थी कि फ्रैंचाइजी क्रिकेट के फॉर्म से मैं टीम में वापस लौटूंगा, लेकिन चूंकि अब ऐसा नहीं होने वाला इसलिए मैं आधिकारिक रूप से संन्यास की घोषणा करता हूं।
पहले बल्लेबाज जिन्होंने लगाए 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक
जनवरी 2018 में मुनरो पहले बल्लेबाज बने थे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी-20 में 3 शतक जड़े थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ 53 गेंद में 104 रन की पारी खेली थी। उन्होंने अपना पहला शतक बांग्लादेश के खिलाफ साल 2017 में बनाया था। उन्होंने 54 गेंद में 101 रन बनाए थे। दूसरा शतक भारत के खिलाफ साल 2017 में आया था। उन्होंने 58 गेंद में 109 रन जड़े थे।
न्यूजीलैंड के लिए दूसरा सबसे तेज शतक
मुनरो Colin Munro के नाम न्यूजीलैंड के लिए दूसरा सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2020 में सिर्फ 47 गेंद का सामना करते हुए शतक लगाया था।
ग्लेन फिलिप्स ने उनका रिकॉर्ड तोड़ते हुए वेस्टइंडीज के ही खिलाफ 46 गेंद में शतकीय पारी खेली थी। मुनरो के नाम आज भी सलामी बल्लेबाज के तौर पर न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड है।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक
मुनरो टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टेस्ट खेलने वाले देश में दूसरे सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने सिर्फ 14 गेंद में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2016 में अर्धशतक लगाया था। उनके आगे सिर्फ भारत के युवराज सिंह हैं। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2007 के टी-20 विश्व कप में सिर्फ 12 गेंद में अर्धशतक लगा दिया था।
मुनरो टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे सबसे तेज 100 छक्के (963 गेंदें) बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
कैसा रहा है मुनरो का अंतरराष्ट्रीय कैरियर
मुनरो ने न्यूजीलैंड के लिए 1 टेस्ट, 57 वनडे और 65 टी-20 मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 7.50 की औसत से 15 रन बनाए। वनडे क्रिकेट में इस खिलाड़ी के बल्ले से 57 मैच की 53 पारियों में 24.92 की औसत से 1,271 रन निकले थे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 65 मैच की 62 पारियों में 31.34 की औसत और 156.44 की स्ट्राइक रेट से 1,724 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 3 शतक और 11 अर्धशतक निकले थे।