बुकित जलील, 22 मई। भारत केस्टार शटलर किदांबी श्रीकांत ने मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई, जबकि एचएस प्रणॉय बाहर हो गए हैं। गुरुवार को श्रीकांत ने अपने मुकाबले में आयरलैंड के न्हाट गुयेन को सीधे गेम में हराया। मुकाबला एक्सियाटा एरिना केएल स्पोर्ट्स सिटी में 59 मिनट चला।
श्रीकांत ने पहले गेम में शुरुआत से ही दबदबा बनाया और अपनी बढ़त बनाए रखी। न्हाट ने चुनौती दी, लेकिन अंत में श्रीकांत ने जीत हासिल की। दूसरे गेम में भी वह आक्रमक खेल दिखाते रहे और आसानी से जीत गए। अब उनका सामना फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से होगा।
वहीं, विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणॉय को जापान के युशी तनाका ने हराया। यह मुकाबला सीधे गेम में हुआ और 21-9, 21-18 से परिणत हुआ। पुरुष एकल के अन्य मुकाबलों में आयुष शेट्टी फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से हार गए। सतीश करुणाकरन भी राउंड ऑफ 16 में फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से हार गए।
मिश्रित युगल में तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की भारतीय जोड़ी ने फ्रांस के ली पालेर्मो और जूलियन मयो को हराया। मुकाबला एक घंटे और सात मिनट चला। भारतीय खिलाड़ियों ने 21-17, 18-21 और 21-15 से जीत हासिल की।
अब वे चीन के जियांग जेन बैंग और वेई या शिन से भिड़ेंगे। महिला युगल में, प्रेरणा अल्वेकर और मृणमयी देशपांडे को चीनी ताइपे की लिन झिह युन और सू यिन हुई ने 21-9, 21-14 से हराया।

