रांची, 17 मार्च। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में शुरू एचबी बोधन वाला ट्रॉफी फॉर झारखंड सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट एलीट ग्रुप के अंतर्गत 17 मार्च को खेले गए मैचों में रांची, बोकारो और जमशेदपुर की टीम ने जीत हासिल की। रांची ने पश्चिमी सिंहभूम को 125 रन, बोकारो ने पाकुड़ को 207 रन और जमशेदपुर ने वीजेडी मेथड से सिमडेगा को 8 विकेट से हराया।
रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रांची ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.1 ओवरों में 218 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए कप्तान नाजिम सिद्दीकी ने 78, शिखर मोहन ने 29, मोहित ने 27 और श्रेष्ठ सागर 25 रन बनाए। पश्चिमी सिंहभूम की तरफ से तन्मय ने 31 रन देकर 5 विकेट प्राप्त किए।
जवाबी पारी खेलने उतरी पश्चिमी सिंहभूम की टीम 20 ओवरों में मात्र 93 रन पर सिमट गई। टीम के लिए जय प्रकाश ने 33 और कुमार करण ने 20 रन बनाए। राजनदीप सिंह ने 29 रन देकर 4 विकेट प्राप्त किया। पंकज यादव और शुभ शर्मा को 2-2 विकेट प्राप्त हुआ। रांची के नाजिम सिद्दीकी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
जेएससीए ओवल ग्राउंड पर खेले गए मैच में बोकारो ने पाकुड़ को 207 रन के भारी अंतर से पराजित किया।
टॉस पाकुड़ ने जीता और बोकारो को बैटिंग का न्योता दिया। बोकारो ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 370 रन बनाये। बोकारो की ओर से अतुल सुरवर ने नाबाद 106 रन की पारी खेली। इसके अलावा सत्या सेतू ने 63,साहिल राज ने 19,अभिनव शरण ने 41,आयुष भारद्वाज ने 78, बाल कृष्ण ने 27, यश भगत ने नाबाद 16 रन बनाये।
पाकुड़ की ओर से अरिजीत मंडल ने 1,शुभम कुमार ने 2,सेंटु कुमार यादव ने 1,गौरव घोष ने 1 विकेट चटकाये।
जवाब में पाकुड़ की टीम 38.1 ओवर में 163 रन पर ऑल आउट हो गई। सेंटु कुमार यादव ने 57,सबस्टिन सोरेन ने 34, गौरव घोष ने 32 रन बनाये।
बोकारो की ओर से विकास कुमार, जाहिद खान, अतुल सुरवर ने 1-1 जबकि प्रतीक रंजन ने 3,आदित्य सिंह और साहिल राज ने 2-2 विकेट चटकाये।
उषा मार्टिन विश्वविद्यालय ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में जमशेदपुर ने टॉस जीता और सिमडेगा को बैटिंग का न्योता दिया। सिमडेगा ने पहले बैटिंग करते हुए 49.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 219 रन बनाये। अश्विनी कुमार ने 63 रन की पारी खेली।
जवाब में जमेशदपुर की टीम 38.4 ओवर दो विकेट पर 209 रन बनाये और वीजेडी मेथड से 8 विकेट से जीत हासिल की। अर्णव सिन्हा ने 106 जबकि अश्विनी कुमार ने 63 रन की पारी खेली।
जमशेदपुर की ओर से मनीषी ने 3, सुप्रियो चक्रवर्ती ने 3 और चंदन मुखी ने 2 विकेट चटकाये।