पोटचेफ्सट्रूम (दक्षिण अफ्रीका)। यशस्वी जायसवाल (62 रन) और अथर्व अंकोलेकर (नाबाद 55) की आक्रामक अर्धशतकीय पारी से गत चैम्पियन भारत ने अंडर-19 एकदिवसीय विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया को 74 रन से हरा कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मंगलवार को खेले गए मैच में भारत ने नौ विकेट पर 233 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 43.3 ओवर में 159 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से आकाश सिंह ने दो और त्यागी ने चार विकेट चटकाये। विश्नोई को एक विकेट मिले। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एस फनिंग ने 75 रन बनाये। कार्तिक त्यागी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टास गंवा कर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम का ऊपरी क्रम अच्छी साझेदारी करने में नाकाम रहा लेकिन अथर्व और रवि बिश्नोई (30) ने सातवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी से टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार किया।
बायें हाथ के बल्लेबाज अथर्व ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 55 गेंद की नाबाद पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। बिश्नोई ने रन आउट होने से पहले 31 गेंद की पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया।
इससे पहले शीर्ष क्रम में सिर्फ सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ही आस्ट्रेलियाई आक्रामण के खिलाफ सहज दिखे। उन्होंने 82 गेंद में छह चौके और दो छक्को की मदद से 62 रन बनाये।
दिव्यांश सक्सेना (14), तिलक वर्मा (दो) प्रियम गर्ग (पांच) और ध्रुव जुरेल (15) संघर्ष करते दिखे।
सिद्देश वीर क्रीज पर समय बिताने के बाद बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 42 गेंद पर 25 रन बनाये।
आस्ट्रेलिया के लिए कोरे केली और टोड मर्फी ने दो-दो विकेट लिये।