बेगूसराय, 5 फरवरी। बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित बेगूसराय सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग के मुकाबले जिले के तीन अलग-अलग मैदानों पर खेले गए, जहां बलिया क्रिकेट क्लब, बेगूसराय नगर क्रिकेट क्लब और बेगूसराय ग्रामीण क्रिकेट क्लब ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार आगाज किया।
गांधी स्टेडियम: बलिया क्रिकेट क्लब की बड़ी जीत
गांधी स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में बलिया क्रिकेट क्लब ने साहेबपुर कमाल क्रिकेट क्लब को 170 रन से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बलिया क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट पर 312 रन बनाए। टीम की ओर से युवराज (63 रन) और अजहर अली (61 रन) ने अहम योगदान दिया। साहेबपुर कमाल की ओर से लोकेश गौतम और संदीप ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में साहेबपुर कमाल क्रिकेट क्लब की टीम 31वें ओवर में 142 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से लोकेश गौतम (60 रन) और देव राज (43 रन) ने संघर्ष किया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए मोहम्मद अजहर अली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

फर्टिलाइज़र मैदान: बेगूसराय नगर क्रिकेट क्लब विजयी
दूसरे मुकाबले में बेगूसराय नगर क्रिकेट क्लब ने नौला क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नौला क्रिकेट क्लब की टीम 40 ओवर में 215 रन पर ऑलआउट हो गई। अंकित (72 रन) और रितिक (46 रन) ने रन बनाए। नगर क्लब की ओर से सार्थक (3 विकेट) और निशित (2 विकेट) ने प्रभावी गेंदबाजी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बेगूसराय नगर क्रिकेट क्लब ने 32वें ओवर में 217 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम की ओर से निशित (57 रन) और अतुल (55 रन) ने शानदार पारियां खेलीं। इस मैच में निशित को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

ग्रीन पार्क उलाव: ग्रामीण क्रिकेट क्लब की दमदार जीत
तीसरा मुकाबला ग्रीन पार्क उलाव में तेघड़ा क्रिकेट क्लब और बेगूसराय ग्रामीण क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेगूसराय ग्रामीण क्रिकेट क्लब ने 40 ओवर में 7 विकेट पर 282 रन बनाए। टीम की ओर से युवराज (90 रन) और ऋषिकेश (80 रन) ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। तेघड़ा की ओर से आदर्श (4 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की।
जवाब में तेघड़ा क्रिकेट क्लब की टीम 38वें ओवर में 256 रन पर ऑलआउट हो गई। साइमन (66 रन) और शुभम (59 रन) ने संघर्ष किया। ग्रामीण क्लब की ओर से रितिक (4 विकेट) और ऋषिकेश (2 विकेट) ने जीत में अहम भूमिका निभाई। इस मुकाबले में ऋषिकेश भारती को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
लीग के तहत कल दो मैदानों पर क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।