सिमडेगा (झारखंड), 1 सितंबर। हॉकी इंडिया की 100वीं वर्षगांठ के अवसर हॉकी सिमडेगा पहली बार 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हॉकी खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। नाम होगा हॉकी सिमडेगा मास्टर्स कप। यह प्रतियोगिता शुरू होगी 29 सितंबर को और समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर को।
यह ऐतिहासिक आयोजन, जिसका नाम 1st हॉकी सिमडेगा मास्टर कप 2025 (पुरुष वर्ग) है, 29 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में खेला जाएगा।
प्रतियोगिता की मुख्य बातें
केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 30 सितम्बर 1985 या उससे पूर्व की है।
विजेता टीम को ₹10,000 और उपविजेता टीम को ₹5,000 नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे।
खिलाड़ियों को जन्मतिथि प्रमाण हेतु आधार कार्ड या कोई अन्य मान्य सरकारी दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
केवल 16 टीमों को ही भाग लेने का अवसर मिलेगा, इसलिए पंजीकरण पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा।
पंजीकरण प्रक्रिया
इच्छुक टीमें अपनी खिलाड़ियों की सूची के साथ पंजीकरण हॉकी सिमडेगा कार्यालय या एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में करा सकती हैं।
संपर्क:मनोज कोनबेगी (अध्यक्ष, हॉकी सिमडेगा) – 9973839163
पंखरासियूस टोप्पो – 9973838868
खासियत
हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले सिमडेगा की धरती ने अब तक चार दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी देश को दिए हैं। यहां पहले मिनी सब-जूनियर से लेकर सीनियर स्तर तक कई प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं, लेकिन यह पहली बार होगा जब 40 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों के लिए मास्टर कप का आयोजन किया जाएगा।
हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में ऐसे वरिष्ठ खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने दौर में मिट्टी के मैदानों पर शानदार हॉकी खेली, लेकिन उन्हें एस्ट्रोटर्फ पर खेलने का मौका नहीं मिला। इस प्रतियोगिता से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल का आनंद लेने का अनूठा अवसर मिलेगा।