इंदौर, 9 फरवरी। तेज गेंदबाज आकिब नबी की कैरियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने मध्य प्रदेश को 56 रन से हराकर रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहली बार जगह बना ली। क्वार्टर फाइनल मुकाबले के चौथे दिन सोमवार को यह ऐतिहासिक जीत दर्ज हुई।
आकिब नबी ने मैच में कुल 12 विकेट झटके। पहली पारी में सात विकेट लेने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए। 291 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही 2021-22 की चैंपियन मध्य प्रदेश की टीम 234 रन पर सिमट गई।

चौथे दिन की शुरुआत में ही जम्मू-कश्मीर को बड़ी सफलता मिली जब अनुभवी वेंकटेश अय्यर (17) विकेटकीपर को कैच थमा बैठे। इसके बाद सारांश जैन ने 81 गेंदों में 64 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली और शुभम शर्मा (32) व रामवीर गुर्जर के साथ अहम साझेदारियां कर मुकाबले को रोचक बनाए रखा।
हालांकि, आकिब नबी ने निर्णायक क्षणों में रामवीर (11) और फिर सारांश जैन को आउट कर दूसरी पारी में अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया। आख़िरी बल्लेबाज़ आर्यन पांडे (22) के आउट होते ही जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक जीत पक्की हो गई। वामहस्त स्पिनर आबिद मुश्ताक ने भी 49 रन देकर तीन विकेट लेकर अहम योगदान दिया।

अब सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर का सामना बंगाल और आंध्र के बीच खेले जा रहे क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में उत्तराखंड और कर्नाटक आमने-सामने होंगे।