Sunday, February 8, 2026
Home बिहारक्रिकेट सीएम नीतीश कुमार ने नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप विजेता अनु कुमारी को किया सम्मानित

सीएम नीतीश कुमार ने नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप विजेता अनु कुमारी को किया सम्मानित

बक्सर जिला के मुकुंदपुर गांव की रहने वाली हैं अनु कुमारी

by Khel Dhaba
0 comment

पटना, 6 फरवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को 01 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप-2025 की विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी अनु कुमारी को 23 लाख 43 हजार 750 रुपये का चेक एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। अनु कुमारी इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में विजेता भारतीय टीम की सदस्य रहीं और भारत को खिताब दिलाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, भविष्य के लिए शुभकामनाएं

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अनु कुमारी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी तरह उत्कृष्ट क्रिकेट खेलती रहें और राज्य व देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि यह पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है कि एक साधारण परिवार की बेटी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।

‘मेडल लाओ-नौकरी पाओ’ योजना का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘मेडल लाओ-नौकरी पाओ’ योजना के तहत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दे रही है। इसके साथ ही बिहार में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आगे भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।

अनु कुमारी ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

इस अवसर पर अनु कुमारी ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह (क्रिकेट का बल्ला और बॉल) भेंट किया। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग और प्रोत्साहन से खिलाड़ी आगे बढ़ रहे हैं। बिहार में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में हुए विकास का लाभ खिलाड़ियों को मिल रहा है और देशभर में खेल के क्षेत्र में बिहार की प्रशंसा हो रही है।

साधारण परिवार से अंतरराष्ट्रीय मंच तक

ज्ञात हो कि अनु कुमारी बिहार के बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता सोहन चौधरी ने बताया कि अनु बचपन से ही मेहनती और लगनशील रही हैं। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा उनकी प्रतिभा को पहचान मिलने के बाद उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला और वे राष्ट्रीय टीम तक पहुंचीं। उन्होंने नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप-2025 में शानदार गेंदबाजी कर भारत की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सम्मान समारोह में कई गणमान्य उपस्थित

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, खेल विभाग के सचिव महेंद्र कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रण शंकरण, प्रशिक्षक शिका सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और अनु कुमारी के पिता सोहन चौधरी उपस्थित थे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights