मैनचेस्टर, 24 जुलाई। इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में टीम इंडिया को एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चौथे टेस्ट मैच के पहले ही दिन पैर की उंगली में फ्रैक्चर के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।
मैच के दौरान चोटिल हुए पंत
बुधवार को खेले गए मुकाबले में पंत, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलते समय चोटिल हो गए। उस समय वह 37 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। चोट लगने के बाद वह रिटायर्ड हर्ट हो गए और स्कैन के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में दाहिने पैर की उंगली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पंत को कम से कम छह सप्ताह के लिए आराम की सलाह दी गई है। उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को इंग्लैंड बुलाया जा रहा है।
पहले से जूझ रही है टीम इंडिया
पंत की चोट ने टीम इंडिया की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। इससे पहले ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी घुटने की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं, जबकि तेज गेंदबाज आकाश दीप (कमर दर्द) और अर्शदीप सिंह (उंगली की चोट) भी चौथे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
भारत इस समय श्रृंखला में 1-2 से पीछे चल रहा है और ऐसे में पंत का बाहर होना टीम की रणनीति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
विकल्प के तौर पर कौन?
ईशान किशन हाल ही में नॉटिंघमशर काउंटी की ओर से दो मुकाबले खेल चुके हैं। हालांकि वह भारत ए टीम का हिस्सा होने के बावजूद इंग्लैंड लायंस के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं खेले।
विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी को लेकर अब टीम प्रबंधन के पास दो विकल्प हैं — ईशान किशन या फिर केएल राहुल। हालांकि, राहुल ने 2023-24 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद से विकेटकीपिंग नहीं की है।
टीम के तीसरे विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को चौथे टेस्ट के प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। लॉर्ड्स टेस्ट में भी पंत को उंगली में चोट लगी थी, जिसके चलते इंग्लैंड की दूसरी पारी में उन्होंने विकेटकीपिंग नहीं की थी और जुरेल ने बतौर सब्स्टीट्यूट यह भूमिका निभाई थी।
लगातार चुनौतियों से जूझ रहे हैं पंत
गौरतलब है कि ऋषभ पंत ने 2022 में एक गंभीर कार दुर्घटना के बाद लंबे समय तक क्रिकेट से दूरी बनाए रखी थी। उन्होंने 2023 में सफल वापसी की और पिछले कुछ महीनों में बेहतरीन फॉर्म में नजर आए। मगर मौजूदा चोट ने उनकी लय को फिर से तोड़ दिया है।