वॉर्सेस्टर, 5 जुलाई। भारतीय क्रिकेट का भविष्य कहे जा रहे 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वनडे क्रिकेट में इतिहास रचते हुए सबसे तेज शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय अंडर-19 टीम के लिए खेलते हुए वैभव ने यह कारनामा पांच मैचों की वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में वॉर्सेस्टर के न्यू रोड मैदान पर किया।
इस मैच में भारत के सलामी बल्लेबाज सूर्यवंशी ने सिर्फ 52 गेंदों में शतक ठोकते हुए पाकिस्तान के कामरान गुलाम का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने इससे पहले 53 गेंदों में शतक लगाकर सबसे तेज अंडर-19 शतक का रिकॉर्ड बनाया था।
वैभव की यह ऐतिहासिक पारी बेहद आक्रामक अंदाज़ में देखने को मिली, जिसमें उन्होंने 10 चौके और 7 छक्के जड़े। उन्होंने 19वें ओवर में ही अपना शतक पूरा कर दिया और इंग्लिश गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। यह पारी न सिर्फ उनके आत्मविश्वास का प्रतीक रही, बल्कि भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में भी पहुंचा दिया।
उल्लेखनीय है कि वैभव सूर्यवंशी इस सीरीज में लगातार शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। पिछले मुकाबले में भी उन्होंने केवल 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए 31 गेंदों पर 86 रन की तेजतर्रार पारी खेली थी। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि भारतीय क्रिकेट को एक और चमकता सितारा मिल गया है।
वैभव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देशभर के क्रिकेट प्रेमियों और पूर्व दिग्गजों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है।
रैंक | गेंदें | खिलाड़ी | टीम | विपक्षी टीम | स्थान | वर्ष |
---|
1 | 52 | वैभव सूर्यवंशी | भारत अंडर-19 | इंग्लैंड अंडर-19 | वॉर्सेस्टर | 2025 |
2 | 53 | कामरान गुलाम | पाकिस्तान अंडर-19 | इंग्लैंड अंडर-19 | लीसेस्टर | 2013 |
3 | 68 | तमीम इकबाल | बांग्लादेश अंडर-19 | इंग्लैंड अंडर-19 | फतुल्ला | 2005/06 |
4 | 69 | राज अंगद बावा | भारत अंडर-19 | युगांडा अंडर-19 | तारौबा | 2021/22 |
5 | 70 | शॉन मार्श | ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 | केन्या अंडर-19 | डुनेडिन | 2001/02 |