भागलपुर, 31 जनवरी। भागलपुर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में स्थानीय सैंडिस कंपाउंड में आयोजित भागलपुर ए डिवीजन जिला क्रिकेट लीग 2025–26 के लीग मुकाबले में यूथ कॉर्नर क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भागलपुर क्रिकेट क्लब को 64 रनों से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए यूथ कॉर्नर क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवरों में 6 विकेट पर 215 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कुनाल राज ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 80 गेंदों पर 79 रन बनाए। वहीं एमडी सदीक़ सिद्दीकी ने 26 गेंदों पर ताबड़तोड़ 48 रन की पारी खेली।
अन्य योगदान में विकास यादव (31 रन) और अमन कुमार सिंह (22 रन) शामिल रहे।
भागलपुर क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाज़ी में रौशन झा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट झटके। अभिषेक हरिकिशोर कुमार और पियूष कुमार सीनियर को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर क्रिकेट क्लब की टीम 28.3 ओवर में 151 रन पर ऑलआउट हो गई। बल्लेबाजी में सचिन कपिलदेव भारद्वाज ने सर्वाधिक 41 रन, जबकि अमित जय प्रकाश कुमार ने 35 रन का योगदान दिया। यूथ कॉर्नर क्रिकेट क्लब की गेंदबाज़ी भी प्रभावशाली रही। कुणाल राज ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 5 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए। सचिन रॉय ने 6 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट झटके। इसके अलावा अंकुश गुप्ता, एमडी सदीक़ सिद्दीकी, शुभम अनिल कुमार और राकेश उमेश कुमार ने एक-एक विकेट हासिल किया।
मैच में अंपायर की भूमिका मनोज कुमार और अभय कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी सौरव कुमार एवं विवेक कुमार ने संभाली। लीग का अगला मुकाबला परसों, रंधीर वर्मा क्रिकेट क्लब और भागलपुर क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा।