मुजफ्फरपुर, 12 फरवरी। स्थानीय खुदीराम बोस फुटबॉल मैदान में चल रही रवि मेहता मेमोरियल मुजफ्फरपुर जिला सीनियर डिवीजन फुटबॉल लीग के मुकाबले में यंग ब्वॉयज फुटबॉल क्लब ने किंग कोबरा फुटबॉल क्लब को 1-0 से हरा महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
मैच का शुभारंभ जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह उर्फ गुड्डू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर मोहम्मद सलाउद्दीन, रोहिताश तिवारी, सुनील कुमार सिंह, कासीमुद्दीन, वीरेंद्र कुमार यादव, राकेश कुमार पासवान, गोलू सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।

दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। खेल के छठे मिनट में यंग ब्वॉयज को पहला मौका मिला, जिसे मोहम्मद याकूब ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन मध्यांतर तक कोई और गोल नहीं हो सका।
दूसरे हाफ में भी किंग कोबरा ने बराबरी के लिए जोरदार प्रयास किया, जबकि यंग ब्वॉयज ने अपनी बढ़त बचाने पर ध्यान दिया। हालांकि दोनों टीमों को सफलता नहीं मिली और मैच का अंत 1-0 के स्कोर के साथ हुआ। इस जीत के साथ यंग ब्वॉयज फुटबॉल क्लब ने पूर्ण अंक अर्जित किए।

मैच के मुख्य निर्णायक असगर हुसैन रहे, जबकि सहायक निर्णायक इरशाद मलिक और अमोद कुमार तथा चतुर्थ निर्णायक मोहम्मद सईद थे।
लीग के संयोजक मोहम्मद सलाउद्दीन ने बताया कि 13 फरवरी को अगला मुकाबला ठक्कर बाबा हॉस्टल फुटबॉल टीम और आईजी स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला जाएगा, जबकि 14 फरवरी से प्रतिदिन दो मैच आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : हरनाटांड क्लब बना पांचवां ललित विजय मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का चैंपियन