यशस्वी जायसवाल अतंरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के 17वें खिलाड़ी बन गए है। भारत के लिए डेब्यू टेस्ट में पहला शतक लाला अमरनाथ (118) ने 1933 में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था। इस लिस्ट में सौरभ गांगुली और रोहित शर्मा भी शामिल हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे डोमिनिका में चल रहे पहले टेस्ट में भारतीय टीम का वर्चस्व अभी तक पूरी तरह देखने को मिल रहा है। गेंदबाजी के साथ-साथ भारतीय टीम ने बल्लेबाजी में भी पूरा दमखम दिखाया। वेस्टइंडीज को 150 रन पर ऑल आउट करने के बाद टीम इंडिया के ओपनर्स ने कैरेबियाई गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। डेब्यू कर रहे यशस्वी जायसवाल ने अपनी पहली ही पारी में शतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया। उनका इस शतक के साथ एक खास लिस्ट में नाम जुड़ गया।
21 साल के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपनी टेस्ट की पहली पारी में ही शतक ठोक इतिहास रच दिया। दरअसल, भारत से बाहर जाकर अपने डेब्यू मैच में शतक लगाना बहुत कम भारतीय खिलाड़ियों ने किया है। अब उस लिस्ट में यशस्वी जायसवाल का भी नाम जुड़ गया। जायसवाल से पहले यह कारनामा सौरभ गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, सुरेश रैना, अब्बास अली बेग, प्रवीण आमरे और सुरिंदर अमरनाथ ने किया है। जायसवाल अब ऐसा करने वाले सातवें खिलाड़ी बन गए हैं।
साल 1933: लाला अमरनाथ ने इंग्लैंड के खिलाफ 118 रन बनाए।
साल 1952: दीपक शोधन ने पाकिस्तान के खिलाफ 110 रन बनाए।
साल 1955: एजी कृपाल सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 100 रन की पारी खेली।
साल 1959: अब्बास अली बेग ने इंग्लैंड के खिलाफ 112 रन जड़े।
साल 1964: हनुमंत सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ 105 रन की पारी खेली।
साल 1969: गुडप्पा विश्वनाथ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 137 रन बनाए।
साल 1976: सुरेन्द्र अमरनाथ ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 124 रन ठोंके।
साल 1984: मोहम्मद अजहरूद्दीन ने इंग्लैंड के खिलाफ 110 रन बनाए।
साल 1992: प्रवीण आमरे ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 103 रन बनाए।
साल 1996: सौरभ गांगुली ने इंग्लैंड के खिलाफ लार्ड्स में 131 रन की पारी खेली।
साल 2001: वीरेन्द्र सहवाग ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 105 रन बनाए।
साल 2010: सुरेश रैना ने श्रीलंका के खिलाफ 120 रन की पारी खेली।
साल 2013: शिखर धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 187 रन की विशाल पारी खेली।
साल 2013: रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 177 रन बनाए।
साल 2018: पृथ्वी शॉ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 134 रन ठोंके।
साल 2021: श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 105 रन बनाए।
साल 2023 : यशस्वी जायसवाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक जमाया। वह अभी खेल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर भदोही में जन्मे यशस्वी ने 15 प्रथम श्रेणी मैचों में 80 की औसत से 1845 रन बनाये हैं जिसमें उनके नौ शतक और दो अर्धशतक शामिल है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका अधिकतम स्कोर 265 रहा है। इसके अलावा वह 32 लिस्ट ए मैचों में 1511 रन स्कोर कर चुके हैं। 21 वर्षीय यह खिलाड़ी यूं तो कई बार अपनी बेमिसाल बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित कर चुका है मगर हाल ही संपन्न इंडियन प्रीमियर लीग में वह खूब सुर्खियों में रहे थे।



