दुबई, 16 जून। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने महिला वनडे विश्व कप 2025 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें 5 अक्टूबर को एक-दूसरे के खिलाफ आमने-सामने होंगी। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसे तटस्थ स्थल के तौर पर चयनित किया गया है।
हाइब्रिड मॉडल के तहत भारत-पाक मैच तटस्थ स्थल पर
भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के चलते यह फैसला लिया गया है। इसी साल की शुरुआत में पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर भी भारत ने पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया था। उसके बाद ICC ने हाइब्रिड मॉडल को स्वीकार करते हुए कोलंबो को तटस्थ स्थल के रूप में चयनित किया है, जहां भारत-पाक जैसे बड़े मैच आयोजित किए जाएंगे।
भारत का वर्ल्ड कप अभियान
भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 सितंबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
भारत का कार्यक्रम इस प्रकार है:
30 सितंबर: भारत vs श्रीलंका (बेंगलुरु)
5 अक्टूबर: भारत vs पाकिस्तान (कोलंबो)
9 अक्टूबर: भारत vs दक्षिण अफ्रीका (विशाखापत्तनम)
12 अक्टूबर: भारत vs ऑस्ट्रेलिया (विशाखापत्तनम)
19 अक्टूबर: भारत vs इंग्लैंड (इंदौर)
23 अक्टूबर: भारत vs न्यूजीलैंड (गुवाहाटी)
26 अक्टूबर: भारत vs बांग्लादेश (बेंगलुरु)
बेंगलुरु में होंगे दो मुकाबले
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत दो मुकाबले खेलेगा-श्रीलंका (30 सितंबर) और बांग्लादेश (26 अक्टूबर) के खिलाफ। हाल ही में आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) की जीत के बाद जश्न में हुई भगदड़ के चलते इस मैदान की मेजबानी पर सवाल उठे थे। हालांकि, भारत के दो मैच यहां तय किए जाने से यह स्पष्ट हो गया कि ICC को इस स्थान पर कोई आपत्ति नहीं है।
ऑस्ट्रेलिया रहेगा खिताब का रक्षा करते हुए
ऑस्ट्रेलिया की टीम मौजूदा महिला वनडे विश्व कप चैंपियन है। वहीं, भारत इस बार अपना पहला खिताब जीतने की पूरी कोशिश करेगा। भारतीय टीम ने अब तक महिला वनडे विश्व कप का खिताब नहीं जीता है, लेकिन हाल के वर्षों में उसके प्रदर्शन में जबरदस्त सुधार देखने को मिला है।
दर्शकों को रहेगा भारत-पाक मुकाबले का इंतजार
हर बार की तरह इस बार भी भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर सभी की निगाहें होंगी। हालांकि यह मैच भारत में नहीं खेला जाएगा, फिर भी कोलंबो जैसे नजदीकी स्थल पर आयोजित होना इसे उपमहाद्वीप के प्रशंसकों के लिए काफी रोमांचक बना देगा।
महिला वनडे विश्व कप 2025 भारत के लिए एक बड़ी परीक्षा साबित होगा। टीम को लीग चरण में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों से भिड़ना है। यदि भारतीय महिला टीम संयम और निरंतरता के साथ प्रदर्शन करती है तो वह पहली बार विश्व विजेता बनने का सपना साकार कर सकती है।
