बेगूसराय, 8 दिसंबर। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में बेगूसराय शतरंज अकादमी के द्वारा 8 दिसंबर यानी सोमवार से बेगूसराय के राजौड़ा स्थित यमुना इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में बिहार राज्य अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। चार दिनों तक चलनेवाली इस प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 46 जबकि बालिका वर्ग में 26 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम चक्र के मुकाबले खेले गए। दोनों वर्गों में वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने अपने वरीयता सिद्ध की। बालक वर्ग में प्रत्यूष, तेजस शांडिल्य, अचिन्त्य कश्यप एवं अव्यय शर्मा समेत 13 रेटेड खिलाड़ियों ने पूरे अंको के साथ दूसरे चक्र में प्रवेश किया।
वहीं बालिकाओं के वर्ग में आर्या सिन्हा, शालिनी श्रीवास्तव, नव्या गोयनका,इशिका, प्रतीक्षा समेत नौ रेटेड बालिकाओं ने एक मे एक अंक लेकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
इसके पूर्व, आज प्रतियोगिता के प्रथम दिन शहर के जाने माने चिकित्सक डॉ रामाश्रय सिंह ने बेगूसराय के युवा खिलाड़ी चिराग मनोहर के साथ बाजी खेलकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जाने माने समाजसेवी दिलीप कुमार सिन्हा, अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव नंदकिशोर एवं शिवप्रिय भारद्वाज, बेगूसराय शतरंज अकादमी के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष स्वीटी कुमारी, सुरेश कुमार राय, रविन्द्र मनोहर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। मंच संचालन एवं स्वागत आयोजन सचिव संजीव कुमार ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन अलख कुमार सिन्हा ने किया।