Monday, February 2, 2026
Home बिहारकबड्डी बिहार वीमेंस कबड्डी लीग के दूसरे संस्करण का बजा बिगुल

बिहार वीमेंस कबड्डी लीग के दूसरे संस्करण का बजा बिगुल

सेलेक्शन ट्रायल 6 फरवरी, प्रतियोगिता 6 मार्च से

by Khel Dhaba
0 comment

पटना, 2 फरवरी। बिहार में महिला कबड्डी के उज्ज्वल भविष्य की पटकथा एक बार फिर लिखी जा रही है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में और बिहार राज्य कबड्डी संघ के सहयोग से आयोजित बिहार वीमेंस कबड्डी लीग के दूसरे संस्करण का बिगुल बज चुका है। इसकी औपचारिक घोषणा प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण ने वीडियो संदेश के माध्यम से की।

वीडियो के मुताबिक, लीग का आयोजन 6 से 12 मार्च तक राजधानी के प्रतिष्ठित पाटलिपुत्र खेल परिसर में किया जाएगा। पिछले संस्करण की सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी छह टीमें मैदान में उतरेंगी—जो प्रतिस्पर्धा, संतुलन और रोमांच का पूरा पैकेज होंगी।

सेलेक्शन ट्रायल: हर खिलाड़ी के लिए खुला दरवाज़ा

टीमों के गठन के लिए 6 फरवरी को सेलेक्शन ट्रायल आयोजित होगा। खास बात यह है कि यह ट्रायल पूरी तरह ओपन प्लेटफॉर्म होगा-सीनियर खिलाड़ी, नौकरीपेशा खिलाड़ी, खेल से ब्रेक ले चुकी खिलाड़ी और नए और उभरते हुए टैलेंट। सभी को खुद को साबित करने का समान अवसर मिलेगा। चयनकर्ताओं द्वारा चुनी गई खिलाड़ियों को समान और संतुलित टीमों में बांटा जाएगा, ताकि लीग का स्तर ऊंचा और प्रतिस्पर्धा निष्पक्ष बनी रहे।

कैंप से टीम तक: भविष्य की तैयारी

ट्रायल के बाद 16 फरवरी से प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा। लीग मैचों के दौरान बिहार स्टेट कबड्डी एसोसिएशन के स्काउट्स और राज्य खेल प्राधिकरण की टीम खिलाड़ियों पर करीबी नज़र रखेगी। इसी प्रदर्शन के आधार पर बिहार सीनियर महिला टीम और जूनियर गर्ल्स टीम का चयन किया जाएगा, जिन्हें आगे नियमित कैंप में रखकर राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जाएगा।

लक्ष्य स्पष्ट: राष्ट्रीय मंच पर पदक

इस लीग का उद्देश्य सिर्फ मुकाबले कराना नहीं, बल्कि बिहार की महिला कबड्डी टीम को नेशनल चैंपियनशिप, नेशनल गेम्स और खेलो इंडिया गेम्स जैसे बड़े मंचों पर मजबूती से उतरने और पदक जीतने के लिए तैयार करना है।

बिहार वीमेंस कबड्डी लीग का यह दूसरा संस्करण न सिर्फ एक टूर्नामेंट है, बल्कि उन सैकड़ों खिलाड़ियों के लिए उम्मीद की किरण है—जो मेहनत, जुनून और जज्बे के साथ अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं।

पहले संस्करण के बारे में

प्रथम बिहार वीमेंस कबड्डी लीग 2024 का आयोजन 10 से 16 जून 2024 तक पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया था जिसमें 6 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल में सीवान टाइटंस ने सारण स्ट्राइकर्स को हराकर ख़िताब जीता। भाग लेने वाली टीमों के नाम थे-सीतामढ़ी सेंटीनेल्स, मगध वरियर्स, सारण स्ट्राइकर्स, पटना पेलिकन, नालंदा निंजास, और सीवान टाइटेंस।
विजेता: सीवान टाइटंस।
उप-विजेता: सारण स्ट्राइकर्स।
तीसरा स्थान: पटना पेलिकंस।
पुरस्कार: विजेता टीम को 1,51,000 रुपए, उप-विजेता को 75,000 रुपए और तीसरे स्थान के लिए 51,000 रुपए की नकद राशि दी गई।
बेस्ट रेडर: सुंदरी कुमारी (मगध वारियर्स। बेस्ट डिफेंडर: अंजलि कुमारी (सीतामढ़ी सेंटीनेल्स), बेस्ट ऑलराउंडर: नैंसी प्रिया (नालंदा निंजास), बेस्ट कोच: नील कमल (सारण टीम)।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights