बेगूसराय, 1 फरवरी। बेगूसराय के गांधी स्टेडियम में आज बेगूसराय सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग का भव्य उद्घाटन हुआ। उद्घाटन मुकाबले में बरौनी क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री कृष्ण सिंह क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से पराजित किया।
मुकाबले का संक्षिप्त विवरण
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीकृष्ण सिंह क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। टीम की ओर से लेखा उल्लाह ने 53 रन और सागर ने 43 रन की अहम पारियां खेलीं। बरौनी क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में सौरभ, बादल और सनी ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरौनी क्रिकेट क्लब की टीम ने 34वें ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान सरवन ने नाबाद 108 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि सनी पूरण ने 65 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम की ओर से जीतू ने 2 और सोहेल ने 1 विकेट लिया।
शानदार नाबाद शतक के लिए सरवन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने प्रदान किया।

उद्घाटन समारोह और अतिथियों के विचार
सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग का उद्घाटन बिहार सरकार के मंत्री सुरेंद्र मेहता, बेगूसराय की मेयर पिंकी देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, पूर्व मेयर संजय कुमार, बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील सिंह, मुख्य संरक्षक निरंजन सिंह, संरक्षक कृष्ण मोहन पप्पू, आयोजन समिति संयोजक निराला कुमार, बलराम सिंह और सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि बेगूसराय में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के खिलाड़ी लगातार जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे सफल आयोजन के लिए मैं बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ को बधाई देता हूं।

मेयर पिंकी देवी ने आश्वस्त किया कि गांधी स्टेडियम में खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देगा। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा और पूर्व मेयर संजय कुमार ने भी लीग के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्वागत और उपस्थिति
आगत अतिथियों का स्वागत बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किया। इस मौके पर विश्वजीत कुमार, राम कुमार, अबू बकर, रवि कुमार, पल्लव कुमार, अमित कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।