गोल्ड कोस्ट। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की अर्धशतकीय पारी के बाद भी भारतीय महिला टीम रविवार को ऑस्ट्रेलिया से तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 14 रन से हार गयी। ऑस्ट्रेलिया के पांच विकेट पर 149 रन के जवाब में भारतीय टीम छह विकेट पर 135 रन ही बना सकी।
जीत के लिए 150 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए मंधाना ने 49 गेंद में 52 रन की पारी खेलने के साथ जेमिमाह रोड्रिग्ज (26 गेंद में 23 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी कर अच्छा मंच तैयार किया था लेकिन टीम ने बीच के ओवरों में 10 रन के अंतर में चार विकेट गंवा दिये।
ऑस्ट्रेलिया के लिए निकोल कैरी ने चार ओवर में 42 रन देकर दो जबकि एश्ली गार्डनर , ऐनाबेल सदरलैंड और जॉर्जिया वेयरहम ने एक-एक विकेट लिये। इस तरह भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरे का अंत निराशाजनक तरीके से हुआ। टीम एकदिवसीय श्रृंखला को 1-2 से हार गयी थी जबकि ऐतिहासिक दिन-रात्रि टेस्ट मैच ड्रा रहा था।