रांची। भारतीय जूनियर महिला हॉकी कैम्प में शामिल होने के लिए सिमडेगा की संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग सोमवार को रांची एयरपोर्ट से बेंगलुरू के लिए रवाना हुई। कैम्प में झारखंड की तीन खिलाड़ी शामिल हैं। सुषमा कुमारी सीआरपीएफ के कैम्प में है।
कोविड-19 के कारण संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग सिमडेगा अपने घर में रहने को मजबूर थी। मार्च 2020 से इंडिया कैम्प बन्द था। हॉकी इंडिया ने 5 अक्टूबर से संगीता, सुषमा व ब्यूटी सहित भारत के कुल 26 जूनियर महिला हॉकी खिलाडि़यों को विशेष कैम्प के लिए आमंत्रित किया है। रवाना होने से पहले दोनों खिलाडि़यो का कोरोना टेस्ट भी कराया गया। बस में कोरोना के खतरे के मद्देनजर हॉकी सिमडेगा के संयुक्त सचिव कमलेव्सर मांझी ने दोनों ही खिलाडि़यों को निजी वाहन से रांची एयरपोर्ट तक छोड़ने गए।
हॉकी सिमडेगा के महासचिब मनोज कोनबेगी, एसएस बालिका हॉकी सेंटर की कोच प्रतिमा बरवा व अन्य खिलाडि़यों ने दोनों ही खिलाडि़यो को सिमडेगा से विदा किया। अब दोनों खिलाड़ी बेंगलुरू में कुछ दिन कोरोंटेंन होने के बाद पूरी टीम के साथ पुन: मैच खेलते हुए नजर आएंगे।