मुंगेर, 14 फरवरी। मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को रविंद्र प्रसाद स्मृति में शुक्रवार यानी 13 फरवरी को एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिले के कुल 9 खेल मैदानों में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्लबों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। खेल प्रेमियों की बड़ी उपस्थिति ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुंगेर शहर के पोलो ग्राउंड में होमगार्ड फुटबॉल क्लब बनाम टाउन क्लब के मुकाबले से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दानापुर रेल मंडल के सचिव श्याम बाबू सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में बिहार फुटबॉल संघ के हेड ऑफिस से जुड़े सतेंद्र कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

विभिन्न मैदानों में खेले गए मुकाबले
पीर पहाड़ मैदान में मय फुटबॉल क्लब और किसान क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में पटना जिला फुटबॉल संघ के सचिव मनोज कुमार सिंह तथा रोहतास जिला फुटबॉल संघ के उपसचिव राहुल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शीतलपुर परिसर में आयोजित मैच में सीतापुर क्लब और मुंगेर एकलव्य ट्रेनिंग सेंटर आमने-सामने हुए। इस अवसर पर बांका फुटबॉल संघ के सचिव संजीव कुमार तथा मुजफ्फरपुर जिला फुटबॉल संघ के सचिव सुनील कुमार मौजूद रहे।
रतनपुर इटहरी मैदान, जो राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी श्यामारानी की उपलब्धियों के लिए प्रसिद्ध है, वहां इटहरी फुटबॉल क्लब और खरैया फुटबॉल क्लब (भागलपुर) के बीच मुकाबला आयोजित हुआ।
प्रतियोगिता को राज्य से राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की घोषणा
इस अवसर पर श्याम बाबू सिंह ने घोषणा की कि अगले वर्ष रविंद्र प्रसाद सिंह की स्मृति में बिहार के सभी 38 जिलों में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल को राज्य स्तर से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उपस्थित खेल प्रेमियों ने इस घोषणा का जोरदार स्वागत किया।

समापन समारोह में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
समापन समारोह में कई जिलों के फुटबॉल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें पटना जिला फुटबॉल संघ के सचिव मनोज कुमार सिंह, बांका जिला फुटबॉल संघ के सचिव संजीव कुमार सिन्हा, मुजफ्फरपुर फुटबॉल संघ के उपसचिव सुनील कुमार, अध्यक्ष अश्विनी कुमार खत्री, भागलपुर से भावेश कुमार, मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के सचिव बंटी कुमार, सात बार संतोष ट्रॉफी से जुड़े राष्ट्रीय खिलाड़ी सत्येंद्र कुमार, जमुई जिला फुटबॉल संघ के सचिव कुंदन सिंह तथा रोहतास से राहुल सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
खेल संस्कृति को मिल रहा बढ़ावा
इस प्रतियोगिता ने न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को मंच प्रदान किया, बल्कि मुंगेर जिले में फुटबॉल के प्रति बढ़ते उत्साह को भी दर्शाया। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।