पटना, 18 मई। गेंदबाजों के बेहतर प्रदर्शन और अनमोल (नाबाद 55) और अगस्त्या (नाबाद 59) के अर्धशतकों के दम पर पटना ने गया को 8 विकेट से हरा कर बीसीए रंधीर वर्मा मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस पटना ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लेते हुए गया को बैटिंग का न्योता दिया।
गया की शुरुआत खराब रही। शाश्वत राज ने सलामी बल्लेबाजों प्रीतम राज (8 रन) और अभिषेक रहाणे (7 रन) को सस्ते में पवेलियन भेजा। इसके बाद आयुष कुमार, हर्ष राजपूत, अभिषेक राज और पवन भारद्वाज विकेट पर टिके और गया का स्कोर 150 के पार पहुंच पाया। गया ने 39.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 154 रन बनाये।
आयुष कुमार ने 38,हर्ष राजपूत ने 14,अभिषेक राज ने 32, पवन भारद्वाज ने 24 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के सहारे 21 रन बने।
पटना की ओर शाश्वत राज ने 2, सत्यम कुमार ने 1, उत्कर्ष कुमार ने 3, अगस्त्या, आयुष और प्रखर ज्ञान ने 1 विकेट चटकाये।
जवाब में पटना ने 24.2 ओवर में दो विकेट पर 158 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। अनमोल ने 73 गेंद में 6 चौका के सहारे नाबाद 55, प्रखर ज्ञान ने 33 गेंद में 6 चौका व 1 छक्का के सहारे 39, अगस्त्या आनंद ने 42 गेंद में 11 चौका के सहारे नाबाद 59 रन की पारी खेली। विजेता टीम के अगस्त्या को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
19 मई का मैच
दूसरा क्वार्टरफाइनल : समस्तीपुर बनाम जमुई
संक्षिप्त स्कोर
गया : 39.4 ओवर में 154 रन पर ऑल आउट प्रीतम राज 8, अभिषेक रहाणे 7,आयुष कुमार 38,हर्ष राजपूत 14,अभिषेक राज 32,पवन भारद्वाज 24,अतिरिक्त 21, शाश्वत राज 2/19, सत्यम कुमार 1/29, उत्कर्ष कुमार 3/37, अगस्त्या आनंद 1/23, आयुष 1/26, प्रखर ज्ञान 1/2
पटना : 24.2 ओवर में 2 विकेट पर 158 रन, अनमोल कुमार नाबाद 55, प्रखर ज्ञान 39, अगस्त्या आनंद नाबाद 59, अभिषेक प्रसाद 1/35,मयंक पांडेय 1/27

