पेरिस। काइलन एमबापे के आखिरी मिनटों में किये गये गोल से विश्व चैम्पियन फ्रांस ने नेशन्स लीग फुटबॉल मैच में ऑस्ट्रिया को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया।
गत चैम्पियन टीम तीन मैचों में दो अंक के साथ ग्रुप एक की तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। फ्रांस को सोमवार को अपने घरेलू मैदान पर करो या मारो मुकाबले में क्रोएशिया का सामना करना है। क्रोएशिया ने ग्रुप के अन्य मैच में मारियो पसालिच की गोल की मदद से डेनमार्क को 1-0 से शिकस्त दी।
डेनमार्क छह अंक के साथ ग्रुप एक में शीर्ष पर है। ऑस्ट्रिया और क्रोएशिया के एक समान चार-चार अंक है।
लीग बी (दूसरे टियर) के ग्रुप दो के मैच में मानोर सोलोमोन के दो गोल से इजरायल ने अल्बानिया को 2-1 से हराया। लीग सी के ग्रुप तीन में कजाखस्तान और बेलारूस का मैच 1-1 से बराबरी पर छूटा जबकि स्लोवाकिया ने अजरबैजान को 1-0 से हराया। लीग डी के ग्रुप एक की तालिका में शीर्ष पर काबिज लात्विया ने मोल्डोवा को 4-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।