मधुबनी जिला क्रिकेट लीग 2025-26 के अंतर्गत आज खेले गए मुकाबले में नन्हे क्रिकेट एकेडमी रेड, मधुबनी ने डायमंड रेड क्रिकेट क्लब, पंडौल को 3 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मैच मकसूदा मैदान पर 30-30 ओवरों का खेला गया।
मधुबनी जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित इस मुकाबले के निर्णायक प्रफुल्ल और संजीव कुमार सिंह थे। टॉस जीतकर डायमंड रेड क्रिकेट क्लब, पंडौल ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डायमंड रेड क्रिकेट क्लब ने 28.2 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 132 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष ने 36 रन, अंकित ने 21 रन और अनुराग ने 17 रन का योगदान दिया।
नन्हे क्रिकेट एकेडमी रेड की घातक गेंदबाजी के सामने डायमंड रेड की पारी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। गेंदबाजी में मो. अकरम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, वहीं सारस्वत ने 3 विकेट, रंजीत ने 2 विकेट और कैबुर रहमान ने 1 विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नन्हे क्रिकेट एकेडमी रेड, मधुबनी ने सधी हुई बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 24.5 ओवर में 7 विकेट खोकर 135 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से सारस्वत ने 28 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि रवि प्रकाश ने 25 रन बनाए। इसके अलावा रंजीत ने 13 रन, अबनीश और केबुर रहमान ने 11-11 रन का योगदान देकर जीत सुनिश्चित की।
डायमंड रेड क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में सत्य प्रकाश और अभिषेक को 2-2 विकेट मिले, जबकि प्रियम, आयुष और मुकेश ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सारस्वत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार मुकेश कुमार ठाकुर के हाथों प्रदान किया गया।
कल का मुकाबला मधुबनी जिला क्रिकेट लीग 2025-26 में क्रिक एरा एकेडमी, मधुबनी और श्री राम एकेडमी, मधुबनी के बीच खेला जाएगा।