बिहारशरीफ, 9 फरवरी। नालंदा जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में नालंदा जिला सीनियर क्रिकेट लीग (ए डिवीजन) के अंतर्गत सोमवार, 9 फरवरी 2026 को दो मुकाबले खेले गए। दोनों ही मैचों में लकी क्लब और डॉ. सरस्वती देवी क्लब ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीत लिए।
पहले मैच में लकी क्लब की बड़ी जीत
पहला मुकाबला एनसीए मैदान में लकी क्लब और गेटवे क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीतकर लकी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 4 विकेट पर 269 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लकी क्लब की ओर से गौतम कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 97 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए। उनके अलावा राजीव रंजन (54 रन), कुमार नीरज (45 रन) और सुमित (34 रन) ने अहम योगदान दिया। गेटवे क्लब की ओर से अर्णव, आशीष, राजीव और अभय ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए गेटवे क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 24.4 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। बल्लेबाजी में चंदू (48 रन), सुजल (26 रन), आशीष (17 रन) और लव (12 रन) ही कुछ संघर्ष कर सके।
लकी क्लब की गेंदबाजी में आदित्य कुमार ने 7 ओवर में 41 रन देकर 3 विकेट, जबकि गोलू और अवनीश ने दो-दो विकेट झटके। इस मैच के अंपायर मनीष राज और अंकित राज रहे।
दूसरे मुकाबले में डॉ. सरस्वती देवी क्लब विजयी
दिन का दूसरा मुकाबला पावापुरी ग्राउंड में डॉ. सरस्वती देवी क्लब और परशुराय क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए डॉ. सरस्वती देवी क्लब ने 8 विकेट पर 176 रन बनाए। टीम की ओर से अमित (34 रन), नीरज (33 रन), सूरजभान (28 रन) और आकाश (21 रन) ने उपयोगी पारियां खेलीं। परशुराय की ओर से गेंदबाजी में बिट्टू ने 3 विकेट और ब्रजेश ने 2 विकेट लिए।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए परशुराय क्लब की टीम 156 रन ही बना सकी। बल्लेबाजी में गौरव (60 रन), सूरज (43 रन) और ब्रजेश (20 रन) ने प्रयास किया, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई। डॉ. सरस्वती देवी क्लब की ओर से गेंदबाजी में राजमणि और दिव्यांश राज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए दिव्यांश राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आयोजन में गणमान्य रहे मौजूद
दोनों मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका परवेज़ मुस्तफा ‘पप्पू’ और विश्वजीत ने निभाई। इस अवसर पर नालंदा क्रिकेट से जुड़े कई वरिष्ठ और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें पूर्व सीनियर क्रिकेटर एवं नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पूर्व पदाधिकारी संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, डॉ. संजय संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, विकास, मयूरेश्वर सहित कई क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे।