टी20 क्रिकेट की बात आती है तो चौकौं और छक्कों की बात सामने आ जाती है। इस मैच में छक्का मारने वाले की भूमिका अहम हो जाती है क्योंकि कम से कम गेंद में रन का ग्राफ बढ़ता है। टी20 विश्व कप के इतिहास में इन बल्लेबाजों के छक्कों ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि उन्हें रिकॉर्ड बुक में भी खास मुकाम दिलाया। अब जबकि टी20 विश्व कप 2026 का आगाज अगले महीने की 7 तारीख से होने है तो ऐसे में टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालना दिलचस्प हो जाता है। तो आइए जानते हैं इसके बारे में….
क्रिस गेल-63 छक्के
टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है। उन्होंने साल 2007 के पहले संस्करण में टूर्नामेंट में डेब्यू किया था और आखिरी बार 2021 के टी20 विश्व कप में खेलते नजर आए। क्रिस गेल ने 33 मुकाबले खेले और 31 पारियों में 63 छक्के जड़े। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 7 अर्धशतक निकले। उन्होंने 34.46 की औसत से कुल 965 रन बनाए, जबकि उनकी स्ट्राइक रेट 142.75 रही। गेल की विस्फोटक बल्लेबाजी ने कई बार अकेले दम पर मैच का पासा पलट दिया।
रोहित शर्मा-50 छक्के
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। रोहित शर्मा ने साल 2007 के टी20 विश्व कप में अपने करियर की शुरुआत की थी और 2024 का संस्करण उनका आखिरी टूर्नामेंट रहा। उन्होंने कुल 47 मुकाबलों की 44 पारियों में 50 छक्के लगाए। रोहित के बल्ले से 1,220 रन निकले, जो उन्होंने 34.85 की औसत और 133.04 की स्ट्राइक रेट से बनाए। बड़े टूर्नामेंट में उनकी निरंतरता और बड़े शॉट खेलने की क्षमता उन्हें खास बनाती है।
जोस बटलर-43 छक्के
इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर भी टी20 विश्व कप में लंबे छक्के लगाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में 35 मुकाबले खेले हैं और 34 पारियों में 43 छक्के लगाने में सफल रहे हैं। बटलर ने इस दौरान 42.20 की शानदार औसत और 147.23 की तेज स्ट्राइक रेट से 1,013 रन बनाए। उनके बल्ले से 91 चौके निकले हैं और टी20 विश्व कप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* रन रहा है।

डेविड वार्नर-40 छक्के
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर इस सूची में चौथे स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने 2009 के टी20 विश्व कप में अपना पहला मुकाबला खेला था, जबकि 2024 में आखिरी बार टूर्नामेंट में नजर आए। वार्नर ने 41 मुकाबलों की 41 पारियों में 40 छक्के जड़े। उन्होंने 25.89 की औसत और 134.24 की स्ट्राइक रेट से कुल 984 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 8 अर्धशतक भी निकले, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89* रन रहा।
विराट कोहली-35 छक्के
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने टी20 विश्व कप के इतिहास में खुद को सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल किया है। कोहली ने साल 2012 से 2024 के बीच खेले गए टी20 विश्व कप मुकाबलों में जबरदस्त निरंतरता का प्रदर्शन किया। इस दौरान विराट कोहली ने 35 मैच खेले और 33 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 11 बार नाबाद रहे। उन्होंने 58.72 की शानदार औसत से कुल 1,292 रन बनाए, जो उन्हें टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल करता है। टी20 विश्व कप में उनका सर्वोच्च स्कोर 89 रन नाबाद रहा है। कोहली ने 1,003 गेंदों का सामना करते हुए 128.81 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। हालांकि उनके नाम इस टूर्नामेंट में शतक नहीं है, लेकिन उन्होंने 15 अर्धशतक जड़े हैं, जो बड़े मैचों में उनकी निरंतरता और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता को दर्शाता है। इस दौरान उनके बल्ले से 111 चौके और 35 छक्के निकले।