मधुबनी, 6 फरवरी। जिला क्रिकेट संघ, मधुबनी द्वारा आयोजित मधुबनी जिला क्रिकेट लीग सत्र 2025-26 के अंतर्गत 6 फरवरी यानी शुक्रवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में रोमांचक नतीजे देखने को मिले। ग्रुप सी के उद्घाटन मैच में हेमचंद्र स्पॉटिंग क्लब, कोठिया ने नारायणपट्टी क्रिकेट क्लब, नारायणपट्टी को 5 विकेट से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी ने एफसीसी रेड, हरलाखी को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
ग्रुप सी का उद्घाटन मुकाबला
यह मुकाबला ललित कर्पूरी स्टेडियम, झंझारपुर के मैदान पर खेला गया। ग्रुप सी के इस उद्घाटन मैच का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष पति बबलू शर्मा के साथ वार्ड पार्षद मुन्ना भंडारी, सुधीर राय एवं गंगा प्रसाद यादव ने फीता काटकर किया। निर्णायकों के निर्णय अनुसार मैच 30-30 ओवर का रखा गया। इस मुकाबले में अमित रंजन और आकाश ने अंपायर की भूमिका निभाई।
टॉस जीतकर नारायणपट्टी क्रिकेट क्लब, नारायणपट्टी ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। बल्लेबाजी में रंजन ने शानदार 77 रन बनाए, जबकि रामउदगार ने 22 रन और अजय ने 14 रन का योगदान दिया। हेमचंद्र स्पॉटिंग क्लब की ओर से गेंदबाजी में आदित्य सिंह ने 2 विकेट झटके, जबकि अमित, सापेक्ष और विशाल को 1-1 विकेट मिला।

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हेमचंद्र स्पॉटिंग क्लब, कोठिया की टीम ने 26.1 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच 5 विकेट से अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजी में आदित्य सिंह ने 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, आतिश ने 47 रन और अमित ने 12 रन बनाए। नारायणपट्टी की ओर से गेंदबाजी में अजय को 2 विकेट मिले, जबकि आशुतोष और रंजन को 1-1 सफलता मिली। इस मुकाबले के मैन ऑफ द मैच आदित्य सिंह रहे, जिन्हें अमित रंजन द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया।
लीग का अगला मुकाबला हेमचंद्र स्पॉटिंग क्लब, कोठिया और झंझारपुर क्रिकेट क्लब, झंझारपुर के बीच खेला जाएगा।
नरार स्कूल मैदान पर दूसरा मुकाबला
दिन का दूसरा मैच नरार स्कूल मैदान पर एफसीसी रेड, हरलाखी और नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी के बीच खेला गया। यह मुकाबला 25-25 ओवर का था, जिसमें दिग्विजय और मनीष ने अंपायरिंग की।
टॉस जीतकर एफसीसी रेड, हरलाखी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 128 रन बनाए। बल्लेबाजी में किशन ने 42 रन, सचिन ने 30 रन और शिवम ने 20 रन का योगदान दिया। नन्हे क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में अवश्वनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि राधे कृष्णा ने 3 विकेट, शमशेर ने 2 विकेट और सिद्धार्थ ने 1 विकेट प्राप्त किया।

129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नन्हे क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी की टीम ने 15.4 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। बल्लेबाजी में माधव ने 62 रन की बेहतरीन पारी खेली, प्रिंस ने 33 रन और सिद्धार्थ ने 9 रन बनाए। एफसीसी रेड की ओर से गेंदबाजी में रोहित और चंद्रेश को 1-1 विकेट मिला।
इस मैच के मैन ऑफ द मैच अवश्वनी रहे, जिन्हें दिग्विजय द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। लीग का अगला मुकाबला एफसीसी रेड, हरलाखी और टाउन क्रिकेट एकेडमी, मधुबनी के बीच नरार स्कूल मैदान पर खेला जाएगा।
मधुबनी जिला क्रिकेट लीग 2025-26 में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं, जिससे जिले में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है।