धनबाद, 7 सितंबर। धनबाद में क्रिकेट का इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार बेहतर हो रहा है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि जेएससीए, धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के साथ मिलकर क्रिकेट सुविधाओं को और भी उन्नत करेगा, ताकि खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ अवसर मिल सके। वे रविवार को धनबाद क्लब ऑडिटोरियम में आयोजित डीसीए के वार्षिक सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
इस समारोह में सत्र 2024-25 के लिए चयनित क्रिकेटर ऑफ द ईयर समेत विभिन्न टूर्नामेंटों में सर्वाधिक रन बनाने और विकेट लेने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जेएससीए के पूर्व सचिव राजेश वर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष राजीव बधान, कार्यकारिणी सदस्य रत्नेश कुमार सिंह, धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त रविराज शर्मा, डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार और वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। संचालन महासचिव बिनय कुमार सिंह ने किया।
अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि धनबाद में टर्फ विकेट वाले जितने मैदान उपलब्ध हैं, उतना अन्य जिलों में नहीं है। यहां से निकलने वाले क्रिकेटर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करें, यही हमारी सफलता होगी। उन्होंने डीसीए की सराहना करते हुए कहा कि जिला क्रिकेट सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और जेएससीए हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़ा रहेगा।
राजेश वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि धनबाद से उनका विशेष लगाव रहा है और उनके कार्यकाल में यहां कई बीसीसीआई मैच आयोजित हुए। उन्होंने डीसीए को सुव्यवस्थित संस्था बताते हुए शाहबाज नदीम और अनंदिता किशोर जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियों को उल्लेखनीय बताया। राजीव बधान ने भी डीसीए की सराहना की और कहा कि जेएससीए में धनबाद का योगदान अहम रहा है। वहीं पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धनबाद में क्रिकेटर पनपें और आगे बढ़ें।
डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने संघ की उपलब्धियों को साझा किया और बताया कि 2028 में डीसीए के 50 वर्ष पूरे हो जाएंगे। इसे लेकर मिशन-2028 की शुरुआत की गई है, जिसका लक्ष्य है कि झारखंड की हर आयु वर्ग की टीम में धनबाद का प्रतिनिधित्व हो। उन्होंने धनबाद को क्रिकेट हब बनाने का संकल्प लिया और धनबाद प्रीमियर लीग के आयोजन की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में जामताड़ा क्रिकेट संघ के सचिव योगेश कुमार सिंह, दुमका क्रिकेट संघ के महासचिव अजीत भास्कर, रांची के सुनील साहू, बीसीसीएल की किरणरानी नायक, डीपीएस प्राचार्य डॉ. सरिता सिन्हा, संतोष कुमार सिंह, चेतन गोयनका और नंदलाल अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
क्रिकेटर ऑफ द ईयर में पुरुष सीनियर वर्ग से कोनैन कुरैशी, महिला सीनियर वर्ग से अनंदिता किशोर, पुरुष जूनियर वर्ग से सिद्धार्थ सिन्हा और महिला जूनियर वर्ग से वूष्टि को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी टूर्नामेंटों की विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार दिए गए।
इस अवसर पर डीसीए के पदाधिकारी साधवेंद्र सिंह, एस.एन. सिंह, ललित जगनानी, रविजीत सिंह डांग, मनोज कुमार सिंह, संजीव झा, जावेद खान, बाल शंकर झा, बी.एच. खान, सुनील कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अभिजीत घोष, राजन सिन्हा, द्वारिका तिवारी, संजीव राणा, सुधीर पांडेय, रत्नेश सिंह, संजय कुमार, नीरज पाठक, दीपक कुमार, ज्ञान रंजन, सुप्रिया कुमारी, दीपाली राय, पूनम शर्मा, रियाज खान समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।