जोहांसबर्ग। सलामी बल्लेबाज एडन मारक्रम (54) की अर्धशतकीय पारी से दक्षिण अफ्रीका ने यहां द वेंडेरेर्स स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में पाकिस्तान को छह विकेट के हराकर चार मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली।

बाबर आजम ने जमाया अर्धशतक
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान बाबर आजम के 50 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 50 रन की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट पर 140 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने मारक्रम के 30 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 54 रन के सहारे 14 ओवर में चार विकेट पर 141 रन बनाकर मैच जीत लिया।

जॉर्ज लिंडे और लिजाड विलियम्स ने तीन-तीन विकेट चटकाये
पाकिस्तान की पारी में बाबर के अलावा मोहम्मद हाफीज ने 32, हसन अली ने 12 और हैदर अली ने 12 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से जॉर्ज लिंडे और लिजाड विलियम्स ने तीन-तीन विकेट जबकि तबरेज शम्सी और सिसांदा मगाला ने एक-एक विकेट लिया।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से मारक्रम के अलावा कप्तान हेनरिच क्लासेन ने नाबाद 36, लिंडे ने नाबाद 20, जनेमान मलान ने 15 और विहान लुबे ने 12 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान की तरफ से उस्मान कादिर ने दो विकेट, मोहम्मद हसनेन ने एक विकेट और हसन अली ने एक विकेट लिया।