रांची, 19 मार्च। झारखंड पुलिस के जवान न केवल राज्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं, बल्कि खेल के मैदान में भी अपना दमखम दिखा रहे हैं। ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को स्थानीय जैप परिसर में संपन्न 17वीं झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस के जवानों ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है और राज्य व देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के रूप में ये जवान भी आने वाले दिनों में अपना परचम लहराएंगे और झारखंड पुलिस का मान बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस भव्य समापन समारोह में उपस्थित होकर मुझे अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। पिछले तीन दिनों में हमने जिस ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना का अद्भुत प्रदर्शन देखा है, वह वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक है। खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह जीवन का एक महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाते हैं। खेल हमें सिखाते हैं-संघर्ष करना, चुनौतियों का सामना करना, गिरकर फिर उठना और लगातार आगे बढ़ते रहना। यही गुण हमें जीवन में सफल बनाते हैं”
सीएम हेमंत सोरेन विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रदर्शन के आधार पर जैप रेंज ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीजी जैप श्रीमती प्रिया दूबे के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि खेल आयोजन जवानों के शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ उनमें अनुशासन एवं टीम भावना को विकसित करते हैं।
समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती वंदना दलाल (अपर मुख्य सचिव, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग) की गरिमामयी उपस्थिति रही
यह प्रतियोगिता अपर पुलिस महानिदेशक (जैप) के निर्देशन में संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में कुल 26 खेलों का सफलतापूर्वक संचालन किया गया, जिसमें 923 से अधिक खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने भाग लिया। एथलेटिक्स सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
टीम खेलों में शानदार मुकाबले देखने को मिले, जिनके परिणाम इस प्रकार रहे—
बास्केटबॉल में जैप रेंज विजेता एवं पलामू रेंज उपविजेता रही।
फुटबॉल में दुमका रेंज विजेता एवं कोल्हान रेंज उपविजेता रही।
हॉकी में जैप रेंज विजेता एवं रांची रेंज उपविजेता रही।
वॉलीबॉल में सीआईडी रेंज विजेता एवं जैप रेंज उपविजेता रही।
कबड्डी में जैप रेंज विजेता एवं हजारीबाग रेंज उपविजेता रही।
हैंडबॉल में जैप रेंज विजेता एवं हजारीबाग रेंज उपविजेता रही।
एथलेटिक्स में जैप रेंज विजेता एवं पलामू रेंज उपविजेता रही।
कार्यक्रम के अंत में आईजी झारखंड सशस्त्र पुलिस रांची प्रभात कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं आयोजन से जुड़े सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। यह प्रतियोगिता झारखंड पुलिस के जवानों के शारीरिक, मानसिक एवं सामूहिक विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।