मधुबनी, 11 फरवरी। जिला क्रिकेट संघ, मधुबनी द्वारा आयोजित मधुबनी जिला क्रिकेट लीग सत्र 2025-26 के तहत ललित कर्पूरी स्टेडियम, झंझारपुर में खेले गए मुकाबले में झंझारपुर क्रिकेट क्लब ने भच्छी क्रिकेट क्लब को 59 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। निर्णायकों गोविंद राय और आकाश जी की देखरेख में खेले गए इस मैच को 30-30 ओवर का कराया गया।
टॉस जीतकर झंझारपुर क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 28.4 ओवर में 186 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से इंद्रदेव ने 52 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अतुल प्रकाश ने 42, सुभाष ने 30 और युवराज ने 19 रन का योगदान दिया।

गेंदबाजी में भच्छी क्लब के मो. कादिर ने 4 विकेट, उज्वल ने 3 विकेट तथा युवराज झा, अभिनव और शिवम ने 1-1 विकेट हासिल किया।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भच्छी क्रिकेट क्लब की टीम 24 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। अभिनव ने 31 रन, मो. तौफीक ने 21 रन, शुभम ने 17 रन और मो. कादिर ने 11 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
झंझारपुर की ओर से सुभाष ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए। नीतीश ने 2 विकेट और नीरज व आदित्य ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सुभाष को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिसे गोविंद राय द्वारा सम्मानित किया गया।