मुंबई, 12 फरवरी। टी20 विश्व कप में पदार्पण कर रही इटली क्रिकेट टीम ने अपने दूसरे ही मुकाबले में इतिहास रचते हुए नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। ग्रुप सी के इस मैच में इटली ने 44 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर आईसीसी टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।
नेपाल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए इटली के अनुशासित स्पिन आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और 19.3 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। जवाब में इटली के सलामी बल्लेबाज एंथोनी मोस्का और जस्टिन मोस्का ने नाबाद अर्धशतकीय पारियां खेलते हुए 12.4 ओवर में बिना विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर मैच एकतरफा बना दिया।

मोस्का बंधुओं का धमाका
एंथोनी मोस्का ने 32 गेंदों पर नाबाद 62 रन बनाए जिसमें छह छक्के और तीन चौके शामिल रहे। उनके छोटे भाई जस्टिन मोस्का ने 44 गेंदों पर नाबाद 60 रन की पारी खेली और तीन छक्के व पांच चौके लगाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए अटूट साझेदारी रही और नेपाल को कोई मौका नहीं मिला।
स्पिनरों ने नेपाल को बांधा
इटली के स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नेपाल के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। कृशन कालुगामागे ने 18 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि बेन मानेंटी ने नौ रन देकर दो विकेट लिए। सटीक लाइन-लेंथ और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के कारण नेपाल लगातार दबाव में रहा।

नेपाल की ओर से आरिफ शेख ने सर्वाधिक 27 रन बनाए जबकि कप्तान रोहित पौडेल ने 23 रन का योगदान दिया। दीपेंद्र सिंह ऐरी 17 रन बनाकर आउट हुए और करण केसी 18 रन बनाकर नाबाद लौटे, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
लामिचाने को देर से लाना पड़ा भारी
नेपाल ने अपने प्रमुख स्पिनर संदीप लामिचाने को काफी देर से गेंदबाजी पर लगाया। जब तक उन्हें आक्रमण में लाया गया, तब तक इटली के सलामी बल्लेबाज 58 रन जोड़ चुके थे और मैच नेपाल की पकड़ से निकल चुका था।
कप्तान मैडसेन की कमी नहीं खली
कंधे की चोट के कारण कप्तान वेन मैडसेन इस मैच में नहीं खेल पाए, लेकिन उनकी अनुपस्थिति टीम पर भारी नहीं पड़ी। इटली ने गेंदबाजी, बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की।
इटली का यह टी20 विश्व कप में दूसरा मुकाबला था। पहले मैच में उसे स्कॉटलैंड से हार मिली थी, लेकिन इस जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट में मजबूत वापसी की है। वहीं नेपाल, जिसने पिछले मैच में इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी थी, इस मुकाबले में पूरी तरह बेअसर नजर आया।
इन्हें भी पढ़ें
मेंस टी20 विश्व कप मैच प्रीव्यू : ऑस्ट्रेलिया की चाहत बड़ी जीत की
मेंस टी20 विश्व कप मैच प्रीव्यू : दोनों टीमों को पहली जीत की तलाश
मेंस टी20 विश्व कप : सुपर आठ की उम्मीदों के लिए होगी लड़ाई
मेंस टी20 विश्व कप में श्रीलंका की 105 रन की बड़ी जीत