जमुई। बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय निशानेवाज श्रेयसी सिंह ने जमुई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपने नामांकन का पर्चा भरा। उन्होंने कहा कि वो बिहार को विकास के रास्ते पर ले जाएगी।
नामांकन करने के बाद श्रेयसी सिंह ने कहा कि जमुई को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर लाना मेरा मुख्य मकसद है। उन्होंने कहा कि एक बार जमुई की बेटी को आप मौका देकर देखिए, बेटियां कभी घर नहीं छोड़ती है।
अंतर्राष्ट्रीय शूटर सह पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पुत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि उनका सपना है कि उनके पिता (स्व. दिग्विजय सिंह) के अधूरे सपने को पूरा करना है। उन्होंने जमुई के लिए कई महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत की थी लेकिन असमायिक निधन के कारण अधूरी रह गई थी। इसके अलावा बिहार का भी विकास उनके लिए एक सपना है।
बिहार का खेल जगत भी श्रेयसी सिंह के चुनावी समर में उतरने पर बधाई दी और जीत की शुभकामना दी है। बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय, दोहा एशियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम के सदस्य राजीव कुमार सिंह, बिहार ताइक्वांडो संघ के पूर्व सचिव अधिवक्ता अजय कुमार, वीर कुंवर सिंह फाउंडेशन के सचिव अवधेश कुमार सिंह, जमुई जिला कबड्डी संघ के सचिव पंकज कुमार सिंह, कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सचिव विपिन कुमार सिंह, राजीव रंजन मिश्रा, कामाख्या नारायण सिंह समेत खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने जीत की शुभकामना दी है।