रांची (झारखंड)। राजधानी मोरहाबादी मैदान के ट्रैक पर अंतरराष्ट्रीय रेस वॉकिंग प्रतियोगिता में हरियाणा के संदीप कुमार और राहुल ने 20 किलोमीटर वॉक स्पर्धा में ओलंपिक क्वालीफाई किया। महिला वर्ग में 20 किलोमीटर में उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर की प्रियंका कुमारी ने ओलंपिक का टिकट कटाया।
इस मौके पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के मधुकांत पाठक मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम के दौरान एसबीआई के कर्मचारियों और पदाधिकारियों द्वारा सभी खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की गई। कार्यक्रम में देश के साथ-साथ विदेशी जजों ने भी शिरकत की। एसबीआई इस इवेंट का स्पांसर है।
अंतरराष्ट्रीय रेस वाकिंग प्रतियोगिता के 20 किलोमीटर रेस वाकिंग कंपटीशन में हरियाणा के संदीप कुमार ने एक घंटा 20 मिनट 16 सेकेंड का समय लेकर टोक्यो ओलंपिक में अपनी जगह बना ली है। जबकि राहुल ने एक घंटा 20 मिनट 26 सेकंड का समय लेते हुए ओलंपिक की पात्रता हासिल किया है।

वहीं 20 किलोमीटर महिला प्रतिस्पर्धा में उत्तर प्रदेश की प्रियंका ने ओलंपिक क्वालीफाई किया है। गौरतलब है कि प्रियंका ने रिकॉर्ड कायम करते हुए इस प्रतिस्पर्धा को जीती। पिछले टूर्नामेंट में भी प्रियंका रांची पहुंची थी, लेकिन उस दौरान भावना जाट ओलंपिक क्वालीफाई हुई थी। पिछले टूर्नामेंट में प्रियंका को ओलंपिक क्वालीफाई का टिकट नहीं मिला पाया था, लेकिन इस बार फिर तैयारी करके प्रियंका वापस आई और ओलंपिक के लिए पात्रता हासिल किया।