Friday, March 13, 2026
Home Slider सात्विक-चिराग की भारतीय जोड़ी ने जीता कोरिया ओपन बैडमिंटन का खिताब

सात्विक-चिराग की भारतीय जोड़ी ने जीता कोरिया ओपन बैडमिंटन का खिताब

by Khel Dhaba
0 comment

येओसु (कोरिया)। भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार जोड़ी ने अपना स्वप्निल प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को यहां इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मोहम्मद रियान आर्दियांतो की शीर्ष वरीय जोड़ी पर फाइनल में तीन गेम की जीत से कोरिया ओपन पुरुष युगल खिताब जीत लिया।

साल का चौथा फाइनल खेल रही दुनिया की तीसरे नंबर की भारतीय जोड़ी ने दो बार के विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता अल्फियान और आर्दियांतो की जोड़ी को सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबले में 17-21 21-13 21-14 से पराजित किया।

इस तरह सात्विक और चिराग की 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की चैम्पियन जोड़ी ने लगातार मैचों में जीत की संख्या 10 कर ली और अपनी उपलब्धियों में इजाफा किया। भारतीय जोड़ी ने इस साल स्विस ओपन, एशियाई चैम्पियनशिप और इंडोनेशिया ओपन जीता है।

इस जोड़ी का एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता अल्फियान और आर्दियांतो के खिलाफ जीत का रिकार्ड 2-2 से बराबर था जिसमें से अंतिम दो मौकों पर उन्होंने इंडोनेशियाई जोड़ी को पराजित किया था।

सात्विक और चिराग ने जोड़ी बनाने के बाद कई खिताब अपने नाम किये हैं जिसमें राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक, थॉमस कप का स्वर्ण पदक, विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक के अलावा सुपर 300 (सैयद मोदी और स्विस ओपन), सुपर 500 (थाईलैंड और इंडिया ओपन), सुपर 750 (फ्रेंच ओपन) और इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 में जीत शामिल हैं।

बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर छह स्तर में विभाजित होता है जिसमें विश्व टूर फाइनल्स, चार सुपर 1000 टूर्नामेंट, छह सुपर 750 टूर्नामेंट, सात सुपर 500 टूर्नामेंट और 11 सुपर 300 टूर्नामेंट शामिल होते हैं। टूर्नामेंट का एक अन्य वर्ग बीडब्ल्यूएफ टूर सुपर 100 स्तर है जिससे भी रैंकिंग अंक मिलते हैं।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights