मुंबई, 5 मार्च। यहां वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत ने लगातार दूसरी बार और चौथी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की है। भारत ने इसके पहले 2007, 2014 और 2024 में फाइनल में पहुंचा है जिसमें 2007 और 2024 में भारत ने खिताब अपने नाम किया।
हाई-स्कोरिंग मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी। जैकब बेथेल ने 48 बॉल पर 105 रन की पारी खेली। लेकिन, अपनी टीम को फाइनल में नहीं पहुंचा सके।
संजू सैमसन की फिफ्टी
भारत की पारी की शुरुआत तेज रही, हालांकि अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने भी आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 18 गेंदों में 39 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मध्यक्रम में शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन की उपयोगी पारी खेली। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 रन बनाए जबकि हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन की तेज पारी खेलकर रन गति को बनाए रखा। अंत में तिलक वर्मा ने केवल 7 गेंदों में 21 रन बनाकर भारत के स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया।
इंग्लैंड के गेंदबाजों में विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर को एक सफलता मिली।
254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। इसके बाद जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 105 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली और टीम को मैच में बनाए रखा। उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। विल जैक्स ने 20 गेंदों में 35 रन बनाए जबकि अंत में जोफ्रा आर्चर ने 4 गेंदों में 19 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन इंग्लैंड की टीम लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गई।
भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने दो विकेट हासिल किए। जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। कड़े मुकाबले के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में दबाव बनाए रखा और टीम को शानदार जीत दिलाई।