रांची। चिली दौरे पर गई भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम बुधवार को स्वदेश लौट आईं। भारतीय टीम ने यहां छह मैच खेले जिसमें 5 मैचों में अजेय रही। इस टीम में झारखंड के तीन खिलाड़ी थे। सुषमा कुमारी, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग। तीनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारतीय टीम की ओर से प्रतियोगिता में कुल 18 गोल हुए हैं जिनमें 10 गोल इन तीन खिलाड़ियों ने किया है। स्वदेश लौटने के बाद आज तीनों खिलाड़ी अपने गृहराज्य झारखंड वापस आईं।
झारखंड आने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची में हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों के द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, सीइओ रजनीश कुमार, उपाध्यक्ष मनोज कोंनबेगी, कोषाध्यक्ष आश्रिता लकड़ा, हॉकी सिमडेगा के कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी एवं अन्य पदाधिकारियों ने एयरपोर्ट से बाहर आते ही तीनों बेटियों को फूल माला और बुके देकर स्वागत किया। फिर तीनों बेटियां एयरपोर्ट से ही हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों के साथ अपने घर सिमडेगा के लिए रवाना हो गईं।