पटना, 22 अगस्त। बिहार में पहली बार 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर में आयोजित होने वाले हीरो एशिया कप 2025 के प्रचार-प्रसार के लिए ट्रॉफी गौरव यात्रा राज्य के सभी जिलों में जोरों-शोरों से जारी है।
हॉकी के प्रति युवाओं में उत्साह और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ चेन्नई, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा, असम और झारखंड से होकर गुज़री है।
आज ट्रॉफी गौरव यात्रा सीतामढ़ी और दरभंगा पहुंची, जहाँ स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने भव्य स्वागत किया।
सीतामढ़ी में स्वागत समारोह
डुमरा हवाई अड्डा मैदान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद इस्लाम और जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेन्द्र मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे। समारोह में जिलाधिकारी ने हीरो एशिया कप और बिहार के खेल क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और हॉकी खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
दरभंगा में स्वागत समारोह
दरभंगा समाहरणालय और पोलो खेल स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी कौशल कुमार, पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ रेड्डी, जिला खेल पदाधिकारी परिमल और सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सत्येंद्र प्रसाद शामिल हुए। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों ने ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया।
ट्रॉफी गौरव यात्रा जिस जिले में भी जा रही है, वहाँ के लोग उत्साह और जोश के साथ इसका स्वागत कर रहे हैं। बिहार के सभी जिलों से होते हुए यह यात्रा 29 अगस्त तक राजगीर पहुँचकर हीरो एशिया कप 2025 का आगाज करेगी।