बक्सर, 15 जनवरी। स्थानीय किला मैदान पर चल रही 20वीं फैज मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फैज एकादश बक्सर ने गया जी की टीम को 6 विकेट से पराजित करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह मुकाबला पूरे समय दर्शकों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा।
मैच का विधिवत शुभारंभ संजय कुमार तिवारी (पूर्व विधायक, बक्सर) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा प्रतीकात्मक रूप से गेंद को बल्ले से हिट कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान का आयोजन हुआ और पिंटू सिंघानिया की शानदार आतिशबाजी ने पूरे मैदान का माहौल उत्सवमय बना दिया। मैच के दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि नेमतुल्ला फरीदी, संजय राय, डॉ. श्रवण तिवारी, ओमजी यादव, डॉ. एस.एन. उपाध्याय, डॉ. तनवीर फरीदी, डॉ. सुहैल अहमद सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया जी की टीम ने निर्धारित 21 ओवरों में 117 रन बनाए। टीम की शुरुआत खास नहीं रही और लगातार विकेट गिरने से रन गति पर असर पड़ा। कप्तान गौतम यादव ने संघर्ष करते हुए सर्वाधिक 48 रन बनाए, जबकि रोहित ने 23 रन और प्रभाकर ने 11 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। फैज एकादश बक्सर की ओर से कप्तान फरह अंसारी, दीपक पांडे और विकास पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट झटके, जबकि अर्णव और अंकित सिंह को एक-एक सफलता मिली। इसके अलावा गया जी के दो बल्लेबाज रन आउट भी हुए।
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फैज एकादश बक्सर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने महज 13.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंकित राज ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 चौकों और 2 शानदार छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। उनके साथ कुंदन वर्मा ने नाबाद 24 रन जोड़कर टीम को जीत तक पहुंचाया। इसके अलावा हृदय ने 17 रन और अर्णव किशोर ने 20 रनों का उपयोगी योगदान दिया। गया जी की ओर से सुमन सौरभ, भारती, ऋषि राज और अभिनव सिंह ने एक-एक विकेट प्राप्त किया, लेकिन वे टीम को हार से नहीं बचा सके।
शानदार बल्लेबाजी के लिए फैज एकादश बक्सर के खिलाड़ी अंकित राज को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। यह पुरस्कार वार्ड नंबर 2 के पार्षद अजय चौधरी ने प्रदान किया। वहीं बक्सर स्पोर्ट्स के प्रोपराइटर रोहित सिंह की ओर से अंकित राज को स्पोर्ट्स जूता भी भेंट किया गया। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए हीरो होंडा सहित अन्य प्रायोजकों और खेल प्रेमी अतिथियों द्वारा कई नकद एवं आकर्षक पुरस्कार भी वितरित किए गए।
मैच में अंपायर की भूमिका राजेश कुमार यादव और संजीव तिवारी ने निभाई। कमेंट्री विक्की जायसवाल और अनुराग श्रीवास्तव ने की। ऑनलाइन स्कोरिंग की जिम्मेदारी अमन फरीदी ने संभाली, जबकि ऑफलाइन स्कोरर नारायण और रणधीर सिंह रहे। मैच का सफल प्रसारण संजीव और सुशांत ब्लास्टर की टीम द्वारा किया गया।
मैच के दौरान हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे, जिनमें पप्पू चौबे, राकेश महतो, राजेश यादव, मनीष पासवान, शेखू फरीदी, बबलू बल्ली, राम इकबाल सिंह और राम इकबाल सिंह (मंत्री जी) सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।
अब प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल कल खेला जाएगा, जिसमें फैज एकादश बक्सर का मुकाबला मुजफ्फरपुर की टीम से होगा। क्रिकेट प्रेमियों को इस मुकाबले से भी जबरदस्त रोमांच की उम्मीद है।